चैतन्य भारत न्यूज
नागालैंड का आज 58वां स्थापना दिवस है। आज ही के दिन साल 1963 में नागालैंड राज्य की स्थापना की गई थी। नागालैंड भारत का एक उत्तर पूर्वी राज्य है, जिसकी राजधानी कोहिमा है। नागालैंड को ‘पूरब का स्विजरलैंड’ भी कहा जाता है। इस राज्य का क्षेत्रफल 16,579 वर्ग किमी है। 2001 की जनगणना के मुताबिक, इस राज्य की आबादी 19,88,636 है। असम घाटी की सीमा से लगे क्षेत्र के अलावा इस राज्य का क्षेत्र अधिकांश पहाड़ी है। इसकी सबसे ऊंची पहाड़ी का नाम सरमती है जिसकी ऊंचाई 3,840 मीटर है। नागालैंड 1 दिसंबर, 1963 को भारतीय संघ का 16वां राज्य बना था।
आइए जानते हैं नागालैंड की कुछ खूबसूरत जगहों के बारे में जहां जाने के बाद आप काफी रोमांचित महसूस करेंगे। मगर नागालैंड में इनर लाइन परमिट (भारत का अपना आंतरिक वीजा) लिए बगैर कोई भारतीय नागरिक घुस भी नहीं सकता। केवल स्थानीय निवासियों को ही इस राज्य में घूमने की छूट है।
जोखू लिली
यहां की खूबसूरती में आकर लोग खो जाते हैं। जोखू लिली के फूल भारत के किसी और हिस्से में आपको नहीं मिलेंगे जो सिर्फ मॉनसून में ही यहां खिलते हैं। इन फूलों के देखने के लिए ही लोग इस वैली पर घूमने आते हैं। समुद्र तल से 2452 मीटर की उंचाई पर स्थित यह घाटी काफी मशहूर है। अगर आप ट्रैकिंग के शौकीन हैं तो इस जगह पर आप अपने दोस्तों के साथ प्लान बनाकर आ सकते हैं। आप यहां कम बजट में ढेर सारी मौज-मस्ती कर सकते हैं।
कोहिमा
नागालैंड के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल कोहिमा नागालैंड की पहाड़ी राजधानी है। इसे कोहिमा नाम अंग्रेजो द्वारा दिया गया था। वास्तव में इसका नाम ‘केवहिरा’ था। कोहिमा लौकगीत के लिए प्रसिद्ध है और यह स्थान समुद्र तल से लगभग 1500 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। कोहिमा ट्रेकिंग के शौकीन व्यक्तियों के लिए भी एक आदर्श स्थान माना जाता है।
दीमापुर
नागालैंड के प्रमुख पर्यटन स्थल में शामिल दीमापुर राज्य का सबसे बड़ा और सबसे तेजी से विकास की पटरी पर दौड़ने वाला शहर है। यह शहर हवाई उड़ान के माध्यम से डायरेक्ट कनेक्ट है। इस वजह से यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या बहुत अधिक होती है। दीमापुर शहर का पूर्वी भाग धनसिरी नदी के करीब है, जोकि अद्भुत आकर्षण प्रस्तुत करता है।
फेक
नागालैंड की खूबसूरत जगहों में शामिल फेक पर्यटन स्थल एक पहाड़ी क्षेत्र है। फेक पर्यटन स्थल वनस्पतियों और जीवों से समृद्ध है। इसके अलावा स्पेल बाउंडिंग हिल्स और शिलाई झील यहां का एक महत्वपूर्ण आकर्षण है। फेक जिले की पहाड़ियां यहां की सुंदरता को और अधिक निखार देती हैं। यहां की प्रमुख नदियां टिजू, लानी और सेडजू हैं।