चैतन्य भारत न्यूज
29 सितंबर से नवरात्रि का पवन पर्व शुरू होने वाला है। ऐसे में जगह-जगह दुर्गा पूजा के लिए पंडाल और मूर्तियां बनाई जा रही हैं। इसी बीच कोलकाता से एक बड़ी खबर आई है कि यहां पर दुर्गा पूजा के लिए 50 किलो सोने से बनी मां दुर्गा की प्रतिमा तैयार की गई है। इसकी लागत 20 करोड़ रुपए से ज्यादा बताई जा रही है।
बता दें इस समय भारत में सोना 40 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम बिक रहा है और ऐसे में 50 किलो सोने से मां दुर्गा की मूर्ति बनाया जाना सबसे बड़ा आश्चर्य है। खबरों के मुताबिक, ये मूर्ति संतोष मित्र स्कवायार दुर्गोत्सव समिति की तरफ से बनवाई जा रही है। इस मूर्ति को समिति ने ‘कनक की दुर्गा’ नाम दिया है। मूर्ति की ऊंचाई की अगर हम बात करें तो यह 13 फीट लंबी है।
प्रतिमा बनाने के सुनार देंगे सोना
जानकारी के मुताबिक, इस मूर्ति को बनाने के लिए पूजा समिति के किसी आयोजक ने पैसे नहीं दिए है, बल्कि इसके लिए कई ज्वैलर्स ने सोना दिया है। वे प्रतिमा बनाने के लिए सोना उपलब्ध करा रहे हैं। कहा जा रहा है कि प्रतिमा के विसर्जन के बाद उन्हें सोना लौटा दिया जाएगा। इसके साथ ही कई बड़ी कंपनियों ने भी प्रतिमा बनाने और दुर्गा पूजा महोत्सव के लिए फंड दिया है।
200 कारीगरों ने तैयार किया पंडाल
कोलकाता में हर साल भव्य तरीके से दुर्गा पूजा का आयोजन किया जाता है। इस बार पंडाल में चंद्रोदय मंदिर की प्रतिकृति तैयार की जाएगी। पंडाल को अंदर से शीश महल की तरह सजाने के लिए कई टन शीशे का इस्तेमाल किया जा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस पंडाल को तैयार करने के लिए करीब 200 कारीगर तकरीबन ढाई महीने से लगे हुए हैं।