चैतन्य भारत न्यूज
हिंदू धर्म का सबसे बड़ा त्योहार दिवाली बहुत ही धूमधाम से मनाया जाता है। न सिर्फ भारत में बल्कि विदेश में भी दिवाली की चमक देखने को मिलती है। आज हम आपको एक देश के बारे में बताने का रहे हैं जहां दिवाली कुछ अलग ढंग से मनाई जाती है।
दरअसल पड़ोसी देश नेपाल में पांच दिवसीय दिवाली पर्व ‘कुकुर तिहार’ के नाम से मनाया जाता है। इस दौरान नेपाली लोग कौआ, कुत्ता व गाय की पूजा करते हैं। इस अनोखी पूजा को देखने के लिए भारत से भी बड़ी संख्या में लोग नेपाल जाते हैं। भारत में जैसे दिवाली मनाते हैं वैसे ही नेपाल में तिहार मनाया जाता है।
यहां पर लोग तिहार के मौके पर दीए जलाते हैं और एक-दूसरे संग खुशियां बांटते हैं। लोग नए कपड़े पहनते हैं। कुकुर तिहार पर कुत्तों को सम्मानित किया जाता है। उनकी पूजा की जाती है, फूलों की माला पहनाई जाती है और तिलक भी लगाया जाता है। साथ ही उन्हें अंडे और दही भी खाने के लिए दिया जाता है। इस दिन लोग कामना करते हैं कि कुत्तों का साथ हमेशा बना रहे।
शास्त्रों में कहा गया है कि, यम देवता का संदेशवाहक कुत्ते हैं। वहीं नेपाली लोग ऐसा भी मानते हैं कि कुत्ते मरने के बाद भी अपने मालिक की रक्षा करते हैं। इन्हीं कारणों की वजह से नेपाल में कुत्तों की पूजा की जाती है।