चैतन्य भारत न्यूज
पंजाब के तरनतारन में एक दंपत्ति की हत्या का मामला सामने आया है। इस मामले में रविवार को 9 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक इस वारदात के पीछे ऑनर किलिंग वजह बताई जा रही है।
दरअसल 21 वर्षीय अमरप्रीत कौर ने अपने परिवार वालों की मर्जी के खिलाफ जाकर 24 साल के अमनदीप सिंह से प्रेम विवाह किया था, जो इन दोनों की हत्या का कारण बन गया। कहा जा रहा है कि दंपत्ति रविवार सुबह एक गुरुद्वारे में माथा टेकने गए थे। इस दौरान आरोपियों ने दोनों को राजा ताल इलाके से अगवा कर लिया और फिर उन्हें कार से नौशेरा ढाला गांव ले गए।
पुलिस के मुताबिक गांव में पहले इन दोनों पर कार चढ़ाई गई और फिर धारदार हथियार से इनके टुकड़े किए गए। इतना ही नहीं बल्कि बाद में आरोपियों ने बेहद नजदीक से इन पर गोली चलाई। इस दौरान दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
खबरों के मुताबिक, पुलिस ने सबसे पहले अमरप्रीत के माता-पिता को गिरफ्तार कर लिया। लेकिन बाद पुलिस को पता चला कि हत्या के पीछे लड़की के भाइयों का हाथ है जिसके बाद माता-पिता को छोड़ दिया गया। तरनतारन के एसएसपी का कहना है कि, इस मामले में 9 लोगों के खिलाफ सराय अमानत खान पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कर लिया गया है और केस की छानबीन की जा रही है।