चैतन्य भारत न्यूज
नई दिल्ली. बलात्कार और यौन शोषण का आरोपी और खुद को भगवान बताने वाला नित्यानंद इन दिनों फरार है। पुलिस और जांच ऐजेंसियां उसे ढूंढने में लगी हैं। नित्यानंद का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।
इस वीडियो में दावा किया जा रहा है कि, ‘उन्हें अब कोई नहीं छू सकता और कोई भी अदालत उन्हें सजा नहीं दे सकती। इसके साथ ही उसने यह भी कहा है कि वो दुनिया को सच बताएंगे। ये वीडियो 22 नवंबर का है। हालांकि नित्यानंद ने ये वीडियो कहां बनाया है इसके बारे में कुछ भी नहीं बताया है।
इस वायरल वीडियो में नित्यानंद ने कहा कि, ‘अगर तुम मुझे अपनी निष्ठा दिखाते हो तो मैं तुम्हें वास्तविकता और सच्चाई का खुलासा करके अपनी निष्ठा दिखाऊंगा। अब मुझे कोई भी छू नहीं सकता। मैं परम शिव हूं। सच बताने के लिए कोई अदालत मुझ पर मुकदमा नहीं कर सकती। मैं परम शिव हूं।’
जानकारी के मुताबिक, सरकार ने नित्यानंद का पासपोर्ट रद्द कर दिया है। विदेश मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी। मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार का कहना है कि, एक वेबसाइट बना लेने से एक राष्ट्र का निर्माण नहीं हो जाता है। इससे पहले ऐसी खबरें आई थी कि स्वयंभू बाबा ने इक्वाडोर की मदद से दक्षिण अमेरिका में एक द्वीप खरीदा है।
“No judiciary can touch me. M param shiva”
: #NithyanandaSwami from an undisclosed location. pic.twitter.com/WXdZ6bGCdO— Divesh Singh (@YippeekiYay_DH) November 22, 2019
हालांकि इक्वाडोर दूतावास ने एक बयान में इस बात से साफ-साफ इनकार किया है कि उसने नित्यानंद को शरण दी या उसकी सरकार ने इक्वाडोर के आसपास या किसी दूर दराज के क्षेत्र में दक्षिण अमेरिका में कोई जमीन या द्वीप खरीदने में मदद की। गौरतलब है कि नित्यानंद को कर्नाटक में उसके खिलाफ दुष्कर्म के एक मामले में देश छोड़कर भागना पड़ा। घटना बेंगलुरू के समीप एक आश्रम की थी। इस घटना का वीडियो भी वायरल हुआ था।