चैतन्य भारत न्यूज
अहमदाबाद. अक्सर अपने विवादित बयानों को लेकर सुर्खियों में रहने वाला बाबा नित्यानंद देश छोड़कर फरार हो गया है। गुजरात पुलिस ने बताया कि नित्यानंद के दो सहयोगियों को रिमांड पर लिया गया है। उनकी निशानदेही के आधार पर देश छोड़ने के पक्के सबूत मिले हैं।
जानकारी के मुताबिक, नित्यानंद त्रिनिदाद एंड टोबैगो में हैं। हालांकि विदेश मंत्रालय ने उसके प्रत्यर्पण के अनुरोध या किसी भी जानकारी से इनकार किया है। मंत्रालय के प्रवक्ता का कहना है कि, ‘गुजरात पुलिस और गृह मंत्रालय से हमारे पास कोई औपचारिक जानकारी नहीं है। इसके अलावा, किसी भी प्रत्यर्पण अनुरोध के लिए, हमें उस व्यक्ति के स्थान और राष्ट्रीयता के विवरण की जरूरत होगी। हमारे पास अभी तक उसके बारे में ऐसी कोई जानकारी नहीं है।’
सूत्रों के मुताबिक, नित्यानंद की दो सेविकाएं हरिणी चेलप्पन उर्फ मां नित्य प्राण प्रिया नंदा (30 वर्ष) और रिद्धि रवि किरण उर्फ मां नित्य प्रियातत्वा नंदा (24 वर्ष) को पुलिस ने मंगलवार को पकड़ा था। दोनों को कोर्ट में पेश करने के बाद पांच दिन की रिमांड पर लिया गया है। पुलिस ने नित्यानंद के खिलाफ मामला दर्ज किया था। उस पर अहमदाबाद में अपना आश्रम योगिनी सर्वज्ञपीठम चलाने के लिए बच्चों को कथित तौर पर अगवा करने और उन्हें बंधक बनाकर अनुयायियों से चंदा जुटाने के काम में लगाने का आरोप है। इसके अलावा नित्यानंद के खिलाफ कर्नाटक में दुष्कर्म का केस भी दर्ज किया जा चुका है।
अहमदाबाद के ग्रामीण एसपी आरवी अंसारी का कहना है कि, अब जब यह तय हो गया है कि नित्यानंद देश में नहीं है, तो उसे तलाशने में वक्त खराब करने के बजाए उसे कानूनी तरीके से विदेश से हिरासत में लेने की प्रक्रिया अपनाएंगे।