चैतन्य भारत न्यूज
बॉलीवुड के मशहूर कोरियोग्राफर एवं फिल्म डायरेक्टर रेमो डिसूजा के खिलाफ गाजियाबाद ने गैर जमानती वारंट जारी किया है। जानकारी के मुताबिक, एक प्रॉपर्टी डीलर ने साल 2016 में रेमो पर पांच करोड़ रुपए की धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए सिहानी गेट थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। रेमो को गिरफ्तार करने के लिए आईजी से अनुमति मांगी गई है।
इस मामले पर सुनवाई के दौरान गैरहाजिर रहने पर गाजियाबाद कोर्ट ने उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया है। यह मामला गाजियाबाद के सिहानी गेट थाना क्षेत्र का है। यहां रहने वाले सतेंद्र त्यागी ने रेमो पर करोड़ों रुपए के गबन का आरोप लगाया है। सतेंद्र का आरोप है कि, रेमो ने फिल्मों में पैसा लगाने के नाम पर उनसे तकरीबन 5 करोड़ रुपए ठग लिए। इसके अलावा सतेंद्र का कहना है कि, पैसे वापस मांगने पर रेमो ने उन पर जानलेवा हमला भी करवाया था। मामले की सुनवाई एसीजेएम अष्टम की अदालत में चल रही है।
खबरों के मुताबिक, अब गाजियाबाद पुलिस ने मुंबई जाने के लिए आईजी से अनुमति मांगी है। अनुमति मिलते ही पुलिस टीम रेमो को गिरफ्तार करने मुंबई रवाना होगी। बता दें रेमो ‘एबीसीडी’ और ‘रेस 3’ जैसी बड़ी फिल्मों का निर्देशन कर चुके हैं। इसके अलावा रेमो ने रियलिटी शो ‘डांस इंडिया डांस’ जैसे शोज में भी जज की भूमिका भी निभाई है।