चैतन्य भारत न्यूज
नई दिल्ली. आम आदमी को एक बार फिर झटका लगा है। इंडियन ऑयल ने रसोई गैस सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए हैं। जानकारी के मुताबिक, बिना सब्सिडी वाले 14.2 किलो वाले रसोई गैस सिलेंडर 144.50 रुपए महंगा हो गया है। राजधानी दिल्ली में इसका दाम 858.50 रुपए हो गया है।
देश के इन महानगरों में रसोई गैस सिलेंडर के नए दाम
कोलकाता में रसोई गैस सिलेंडर के दाम 149 रुपए बढ़कर 896.00 रुपए हो गया है। मुंबई में इसका दाम 145 रुपए बढ़कर 829.50 रुपए हो गया। वहीं चेन्नई में यह 147 रुपए बढ़कर 881 रुपए हो गया है।
The prices had not increased after 1st January 2020. https://t.co/iF6Ml6s2gP
— ANI (@ANI) February 12, 2020
1 जनवरी को इतने बढ़े थे दाम
बता दें कि इससे पहले 1 जनवरी 2020 को रसोई गैस सिलेंडर के दाम बढ़ाए गए थे। तब देश के प्रमुख महानगरों में बिना-सब्सिडी वाला गैस सिलेंडर करीब 19.00 रुपए महंगा हुआ था। इसके अलावा 1 फरवरी को 19 किलो वाले सिलेंडर के दाम में बदलाव हुआ था। दिल्ली में इसका दाम 1,466 रुपए है, कोलकाता में 1,540 रुपए, मुंबई में 1,416 रुपए और चेन्नई में 1,589.50 रुपए है।
हर महीने बदलते हैं दाम
हर महीने की शुरुआत में सब्सिडी और मार्केट रेट में बदलाव होता है। इसकी कीमत औसत अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क और विदेशी विनिमय दरों में बदलाव जैसे कारक निर्धारित करते हैं। जानकारी के मुताबिक, भारत में रसोई गैस के कुल 27.6 करोड़ के करीब उपभोक्ता हैं और इनमें से करीब दो करोड़ को सब्सिडी नहीं मिलती है।
ऐसे पता करें अपने शहर में रसोई गैस सिलेंडर के दाम-
आप अपने शहर में रसोई गैस सिलेंडर के दाम पता करने के लिए IOC की वेबसाइट पर जाकर https://indane.co.in/tarrifs_price.php पर क्लिक करें। फिर आपको Show All Market का टैब दिखाई देगा। जैसे ही आप इस पर क्लिक करेंगे तो रसोई गैस सिलेंडर के दामों से जुड़ी लिस्ट नीचे जारी कर दी जाएगी।