चैतन्य भारत न्यूज।
रतलाम। बारात में नाचने के दौरान हुई हर्ष फायरिंग से 12 वर्षीय के बच्चे की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। मामला पिपलोदा थाना क्षेत्र के ग्राम बाराखेड़ा का है। घायलों को इलाज के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जानकारी अनुसार रात में प्रोसेशन के दौरान बाराती नाच रहे थे। बारात में चल रहे दूल्हे का भाई 12 बोर की बंदूक से फायर करते हुए चल रहा था।
बंदूक में आई थी खराबी
बताया जा रहा है कि इस दौरान बंदूक में कुछ खराबी आई, उसे वह चेक करने लगा कि तभी अचानक बंदूक चल गई और नाच रहे 12 वर्षीय चिराग और सेजावता निवासी 14 वर्षीय सुमित और राजेश के पेट व सीने में छर्रे जा लगे। गंभीर अवस्था में चिराग को रात में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।