चैतन्य भारत न्यूज
पंचकूला. कालका के रायपुर रानी स्थित छोटा त्रिलोकपुर के आश्रम में दो बच्चियों से दुष्कर्म किए जाने का मामला सामने आया है। दुष्कर्म के आरोप में एक स्वयंभू बाबा को गिरफ्तार किया है। आरोपी बाबा स्वामी लक्ष्यानंद सरस्वती पंचकूला के रायपुर रानी के करीब छोटा त्रिलोकपुर में लक्ष्यनंद आश्रम चलाता है।
खबरों के मुताबिक, हिमाचल के बद्दी से यहां सेवा करने के लिए दो बच्चियां आई थीं। बताया जा रहा है कि आश्रम में बाबा ने दोनों बच्चियों से तीन दिनों तक दुष्कर्म किया। पुलिस ने दोनों पीड़ित बच्चियों के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पंचकूला महिला पुलिस थाना की अधीक्षक नेहा चौहान ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि, पीड़ित लड़कियों की मेडिकल जांच कर ली गई है। पुलिस को मेडिकल जांच रिपोर्ट का इंतजार है।
थाना प्रभारी ने कहा कि, नाबालिग लड़कियों के अनुसार उन्हें आश्रम में सेवा करने के लिए बुलाया गया था, लेकिन यहां आने के बाद उनके साथ गलत काम किया गया। रिपोर्ट के मुताबिक, बाबा हर रविवार को अपने आश्रम में एक बड़ी भीड़ जमा करता था जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी होती थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस बाबा ने इस आश्रम को स्थापित किया था उन पर लोगों की बड़ी आस्था थी।