चैतन्य भारत न्यूज
नई दिल्ली. बेंगुलुरु में कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह को हिरासत में लेने के बाद राज्यसभा में जमकर हंगामा हुआ, जिसके बाद सभापति ने कार्यवाही को दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया है। कांग्रेस के एम वी राजीव गौड़ा ने शून्यकाल के अंत में यह मामला उठाते हुए कहा कि इस सदन के एक सदस्य को हिरासत में लिया गया है।
इस बीच कांग्रेस के अनेक सदस्य अपनी जगहों पर खड़े होकर इस मामले को उठाने लगे। उन्होंने कहा कि सदन को उस सदस्य को संरक्षण देना चाहिए। सदस्य भारतीय जनता पार्टी की तानाशाही के संबंध में नारेबाजी करने लगे इस पर सभापति ने कहा कि सदन में भी तानाशाही नहीं चलेगी और उन्होंने कार्यवाही दो बजे तक स्थगित कर दी। इस तरह प्रश्नकाल नहीं हो सका।
बता दें, दिग्विजय सिंह बुधवार को बागी कांग्रेसी विधायकों से मिलने के लिए बेंगलुरु के रिजॉर्ट पहुंचे। लेकिन पुलिस ने उन्हें विधायकों से मिलने नहीं दिया और एहतियाती तौर पर हिरासत में ले लिया है जिसके बाद कांग्रेस ने बीजेपी पर गुंडागर्दी का आरोप लगाते हुए लिखा कि, ‘बीजेपी की गुंडागर्दी जारी है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को अपने ही विधायकों से मिलने से रोकना कौन सा न्याय है?’