चैतन्य भारत न्यूज
नई दिल्ली. दिवाली के शुभ अवसर पर देशभर में उत्सव का माहौल है तो वहीं तिहाड़ जेल में भी दिवाली का जश्न मनाया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, तिहाड़ जेल के कैदियों को पार्टी में जेल के आम भोजन से इतर पिज्जा, गोल गप्पे, पाव भाजी, समोसा और आलू की टिक्की परोसे जा रहे हैं।
जेल प्रशासन की ओर से जानकारी दी गई है कि, असल में इन दिनों जेल में भी दिवाली सेलिब्रेशन चल रहा है। तिहाड़ की जेल संख्या 6 की महिला कैदियों को गुरुवार को पिज्जा पार्टी दी जाएगी जिसके चलते बड़े स्तर पर जेल में पिज्जा बनाने का काम चल रहा है। मंगलवार को जेल में रंगारंग कार्यक्रम और फैशन शो का भी आयोजन किया गया। इसमें महिला कैदियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। इन कैदियों में मिजोरम की एक कैदी शो स्टॉपर रहीं। हालांकि उन्हें मंगलवार को जमानत मिल गई थी, लेकिन वह जेल में एक और दिन रहीं।
जेल प्रशासन का कहना है कि, अब दिवाली तक तिहाड़, मंडोली और रोहिणी जेल में हर रोज कुछ न कुछ होता रहेगा। दिवाली मेले में चाट-पकौड़ी का आनंद कैदी उठाएंगे। उन्होंने बताया कि, दिवाली पर लंच-डिनर में कई जेलों में कैदियों को शाही पनीर, मलाई चाप और दाल मक्खनी देने पर विचार किया जा रहा है।