चैतन्य भारत न्यूज
देश के कई शहरों में पेट्रोल और डीजल की कीमतें 100 रुपए के पार पहुंच गई है। दिल्ली में भी पेट्रोल करीब 91 रुपए (90।58 रुपए) तक पहुंच गया है। वहीं डीजल की कीमतें भी कई शहरों में रिकॉर्ड पर चल रही हैं। इस बीच केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने बताया की आखिर क्यों पेट्रोल-डीजल के दामों में इतनी बढ़ोतरी हो रही है।
ये बताया पहला कारण
केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने पेट्रोल-डीजल की कीमत बढ़ने को लेकर पहली वजह बताई- ईधन का कम उत्पादन। उन्होंने बताया कि, ‘अंतरराष्ट्रीय बाजार ने ईंधन का उत्पादन कम कर दिया है और अधिक लाभ प्राप्त करने के लिए विनिर्माण देश कम ईंधन का उत्पादन कर रहे हैं। इससे उपभोक्ता देश त्रस्त हैं।’
कोविड-19 भी है बड़ी वजह
केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने दूसरी वजह बताई कि, ‘पेट्रोल-डीजल के बढ़ते रेट की बड़ी वजह कारोना महामारी भी है। हमें विभिन्न विकास कार्य करने हैं। इसके लिए केंद्र और राज्य सरकार टैक्स एकत्र करते हैं। विकास कार्यों पर खर्च करने से अधिक रोजगार पैदा होंगे। सरकार ने अपने निवेश में वृद्धि की है और इस बजट में 34% अधिक पूंजी व्यय किया जाएगा।’ उन्होंने आगे कहा कि, ‘राज्य सरकार के खर्च में भी वृद्धि होगी। यही कारण है कि हमें इस टैक्स की आवश्यकता है, लेकिन संतुलन की भी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि वित्तमंत्री कोई रास्ता खोज सकते हैं।’