चैतन्य भारत न्यूज
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा आज प्रचार के लिए अपनी मां और यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी के चुनावी क्षेत्र रायबरेली पहुंची। प्रियंका चुनाव प्रचार करते हुए सपेरों की बस्ती में जा पहुंची। इस दौरान उनका अलग ही रूप देखने को मिला। प्रियंका के इस रूप को देखकर वहां मौजूद लोग आश्चर्य में पड़ गए। दरअसल, प्रियंका इस दौरान सांपो के साथ खेलते हुए नजर आईं।
प्रियंका पिछले कई दिनों से रायबरेली और अमेठी में ही घूम रही हैं। रायबरेली में आज उनके दौरे का दूसरा दिन था। आज वह पुरवा गांव गईं थीं। यहां प्रियंका ने सपेरों से मुलाकात की और उनकी समस्याएं भी सुनी। सपेरों ने प्रियंका को बताया कि, इन्ही सांपो के जरिए वे लोग रोजाना करीब 200 रुपए कमाई कर लेते हैं। प्रियंका ने सपेरों से बात करते-करते सांप को हाथ में उठा लिया। ये देखते ही समर्थकों ने प्रियंका को सावधान रहने को कहा। इसके बाद प्रियंका ने उन्हें जवाब दिया कि, ‘वह कुछ नहीं करेगा, आप क्यों घबरा रहे हैं।’
#WATCH Priyanka Gandhi Vadra, Congress General Secretary for Uttar Pradesh (East) meets snake charmers in Raebareli, holds snakes in hands. pic.twitter.com/uTY0R2BtEP
— ANI UP (@ANINewsUP) May 2, 2019
सोशल मीडिया पर प्रियंका का वीडियो भी वायरल हो रहा है जिसमें वह सांप को अपने हाथों में उठाते हुए नजर आ रही हैं। वीडियो में आप देख सकते हैं प्रियंका ने न सिर्फ एक सांप पकड़ा बल्कि वह तो उन सांपो के साथ खेलते हुए भी नजर आईं। प्रियंका अन्य टोकरी में बंद सांप को भी देखने लगी। ऐसे में सुरक्षाकर्मियों ने प्रियंका की सुरक्षा को देखते हुए सपेरों से अपने सांप को वहां से हटाने के लिए कह दिया। गौरतलब है कि, इन दिनों पांचवें चरण के मतदान के लिए प्रचार अभियान चरम पर है। पांचवें चरण में कई बड़ी सीटों पर मतदान होना है। इन सीटों में से दो प्रमुख सीटें रायबरेली और अमेठी भी हैं।