चैतन्य भारत न्यूज
इस बार लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की लखनऊ सीट पर मुकाबला बड़ा ही रोचक हो सकता है। लखनऊ सीट से बीजेपी की ओर से गृहमंत्री राजनाथ सिंह चुनाव लड़ने वाले हैं। हाल ही में यह जानकारी सामने आई है कि इस सीट से राजनाथ सिंह के खिलाफ कांग्रेस में शामिल हुए अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी पूनम सिन्हा चुनाव लड़ सकती हैं।
पूनम को समर्थन देगी कांग्रेस
सूत्रों के मुताबिक, पूनम सिन्हा समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी के गठबंधन से एसपी के टिकट पर लखनऊ से चुनाव लड़ सकती हैं। इस बारे में कांग्रेस का कहना है कि, वह लखनऊ लोकसभा सीट से अपना कोई प्रत्याशी नहीं उतारेगी और पूनम सिन्हा को चुनाव में समर्थन देगी। एक कांग्रेसी नेता ने कहा कि, “जितिन प्रसाद लखनऊ से चुनाव लड़ना चाहते थे और लेकिन अब वह धौरहरा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी होंगे। लखनऊ उन सात सीटों में से एक है जिसे कांग्रेस ने एसपी- बीएसपी गठबंधन के लिए छोड़ा है।
लखनऊ में चार लाख कायस्थ मतदाता
अगर पूनम चुनावी मैदान में उतरी तो फिर राजनाथ सिंह और उनके बीच कांटे की टक्कर होने की उम्मीद है। बता दें शत्रुघ्न सिन्हा 6 अप्रैल को दिल्ली में कांग्रेस में शामिल होंगे और वह इस बार बिहार के पटना साहिब सीट से कांग्रेस की ओर से चुनाव लड़ेंगे। एक एसपी नेता का कहना है कि, ‘लखनऊ में चार लाख सायश्त वोटर हैं और 1.3 लाख सिंधी वोटर्स हैं। साथ ही 3.5 लाख मुस्लिम वोटर्स भी हैं। चूंकि पूनम सिन्हा सिंधी हैं और उनके पति शत्रुघ्न सिन्हा कायस्थ हैं। इसलिए ऐसा माना जा रहा है इससे पूनम सिन्हा की उम्मीदवारी को मजबूती मिलेगी।’