चैतन्य भारत न्यूज
नई दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी की नेता और भोपाल से सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने 27 नवंबर को लोकसभा में बहस के दौरान महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे को देशभक्त कहा था, जिसके बाद से ही विपक्ष लगातार बीजेपी को निशाना बना रहा है। अब एक और बीजेपी नेता ने गोडसे को देशभक्त बताया है।
गोडसे को देशभक्त बताने वाले बयान पर प्रज्ञा ठाकुर ने दी सफाई, कहा- कभी-कभी झूठ का बवंडर इतना गहरा होता है
असम से बीजेपी विधायक शिलादित्य देव ने प्रज्ञा ठाकुर का बचाव करते हुए नाथूराम गोडसे को असली देशभक्त बताया। उन्होंने कहा कि, ‘मैं प्रज्ञा ठाकुर को सलाम करता हूं, क्योंकि उन्होंने सच्चाई बोली है। भारत में बहुत कम लोग हैं जो सच बोल सकते हैं।’ उन्होंने आगे कहा कि, ‘महात्मा गांधी ने कहा था कि यदि धर्म के आधार पर कोई देश का विभाजन करेगा, तो उसे उनके मृत शरीर से होकर गुजरना होगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ। हमने देखा कि देश का विभाजन हुआ और दो देशों का गठन किया गया। मैं यह नहीं कह रहा हूं कि महात्मा गांधी एक विवादित राजनेता थे लेकिन उन्होंने हिंदुओं के लिए जो किया वह सही नहीं था। इसलिए कोई भी सही व्यक्ति स्वाभाविक रूप से इसका विरोध करेगा। संभवत: गोडसे थोड़ा आक्रामक थे और उन्हें यह देखकर पीड़ा हुई कि लाखों हिंदुओं को मारा गया।’
रक्षा मंत्रालय की संसदीय समिति से हटाई गईं प्रज्ञा ठाकुर, बीजेपी भी कर सकती है बाहर!
क्या है मामला
बता दें बुधवार को लोकसभा में जब डीएमके के सांसद ए. राजा, गोडसे के एक बयान का हवाला दे रहे थे कि उसने महात्मा गांधी को क्यों मारा? तो प्रज्ञा ठाकुर ने उन्हें टोक दिया और कहा कि, ‘आप एक देशभक्त का उदाहरण नहीं दे सकते।’ इसके बाद गुरुवार को साध्वी प्रज्ञा के खिलाफ सख्त कार्यवाही करते हुए उन्हें रक्षा मंत्रालय की संसदीय समिति से हटा दिया गया और सत्र के दौरान होने वाली भाजपा संसदीय दल की बैठक में आने पर भी रोक लगा दी गई।