चैतन्य भारत न्यूज
लोकसभा चुनाव 2019 के प्रचार के आखिरी दिन कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी का मिर्जापुर में रोड शो था। इस दौरान प्रियंका ने पीएम मोदी पर तंज कसा। प्रियंका ने लोगों कहा कि, ‘अच्छा होता कि आप लोगों ने अमिताभ बच्चनन को ही प्रधानमंत्री बना दिया होता।’
बता दें शुक्रवार को प्रियंका ने मिर्जापुर में कांग्रेस प्रत्याशी ललितेश त्रिपाठी के समर्थन में रोड शो और नुक्कड़ सभा की। इस दौरान उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि, ‘आप सभी ये समझ लीजिए कि आपने दुनिया के सबसे बड़े अभिनेता को ही अपना प्रधानमंत्री दिया है। इससे तो अच्छा ये होता कि आप लोग अमिताभ बच्चन को ही देश का पीएम बना देते। आपके लिए किसी को कुछ करना तो था नहीं।’ प्रियंका ने आगे कहा कि, ‘उनके (पीएम मोदी) अंदर किसान से बात करने की हिम्मत क्यों नहीं? क्योंकि, उन्होंने कभी किसान के लिए कुछ नहीं किया। मैं तो कहती हूं वे नेता नहीं अभिनेता हैं। अभी जब चुनाव प्रचार का वक्त आया है तो क्या करें, कुछ न कुछ तो कहना पड़ेगा न।’
इतना ही नहीं प्रियंका ने ये भी कहा कि, पिछले पांच साल में पांच करोड़ नौकरियां खत्म हो गई और 24 लाख सरकारी पद रिक्त पड़े हैं। नोटबंदी के समय भी करीब 50 लाख लोगों की नौकरियां चली गई। प्रियंका ने जनता को नई उम्मीद दिलाते हुए कहा कि, ‘कांग्रेस की सरकार बनने पर रिक्त सरकारी पदों को भरा जाएगा।’ गौरतलब है कि 19 मई को लोकसभा चुनाव के आखिरी चरण का मतदान पूर्वी उत्तरप्रदेश की 13 सीटों पर भी होना है।