चैतन्य भारत न्यूज।
गांधीनगर। कांग्रेस महासचिव बनने के बाद पहली बार प्रियंका गांधी वाड्रा ने मंगलवार को गांधीनगर में एक जन संपर्क रैली को संबोधित किया। सभा को संबोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि ये देश किसानों ने बनाया है, महिलाओं ने बनाया है, युवाओं ने बनाया है और किसी ने नहीं बनाया है। इस बार लोग समझदारी से अपना चुनाव करें।
चुनाव में अपना भविष्य चुनने जा रहे
प्रियंका ने कहा, “आपको सोचना होगा कि आप चुनाव में अपना भविष्य चुनने जा रहे हो, फिजूल के मुद्दे नहीं उठने चाहिए, वो मुद्दे उठाएं जिनका असर आपकी जिंदगी पर होता है।”
सरकार पर साधा निशाना
उन्होंने कहा, “बड़ी-बड़ी बातें करने वालों से पूछिए कि दो करोड़ रोजगार का वादा किया था वो कहां है। उनसे पूछिए कि 15 लाख खाते में आने थे, वो 15 लाख कहां गए। महिलाओं की सुरक्षा की बात जो करते थे उसका क्या हुआ।”
आज के दौर में रोजगार सबसे बड़ा मुद्दा
उन्होंने कहा कि आज के दौर में रोजगार सबसे बड़ा मुद्दा है। उन्होंने किसानों की कर्ज की समस्या को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। गौरतलब है कि कांग्रेस ने लोकसभा चुनाव के मद्देनजर प्रियंका गांधी वाड्रा को पूर्वी उत्तर प्रदेश का महासचिव नियुक्त किया है।
हार्दिक पटेल ने कहा
कार्यसमिति की बैठक से पहले पाटीदार नेता हार्दिक पटेल भी सरदार पटेल स्मारक पहुंचे। हार्दिक ने यहां कहा कि महात्मा गांधी, सरदार पटेल, जवाहर लाल नेहरु, सुभाष चंद्र बोस की पार्टी से जुड़कर वे खुद को गौरवान्वित महसूस करते हैं।
ये भी पढ़ें…
राहुल गांधी की मौजूदगी में पाटीदार नेता हार्दिक पटेल कांग्रेस में शामिल