चैतन्य भारत न्यूज
भारतीय राजनीति के ‘पहले परिवार’ की बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा का आज जन्मदिन है। 12 जनवरी 1972 को जन्मीं प्रियंका में कई लोग इंदिरा गांधी की छवि देखते हैं। आज हम आपको बताएंगे प्रियंका के जीवन से जुड़ी कुछ खास बातें।
- प्रियंका का जन्म 12 जनवरी 1972 में देश के प्रमुख राजनीतिक परिवार गांधी-नेहरू परिवार में हुआ। उनके पिता का नाम राजीव गांधी और माता का नाम सोनिया गांधी है। प्रियंका राजीव और सोनिया की दूसरी संतान हैं। प्रियंका के बड़े भाई का नाम राहुल गांधी है और वह वर्तमान नें भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष हैं।
- प्रियंका देश पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पोती और देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की प्रपौत्री हैं। जब प्रियंका का जन्म हुआ, उस समय उनकी दादी इंदिरा देश की प्रधानमंत्री थीं। प्रियंका पर बचपन से ही अपने राजनीतिक परिवार का प्रभाव रहा है।
- प्रियंका दिल्ली के मॉडर्न स्कूल से पढ़ी हैं। इसके बाद उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी के जीसस एंड मैरी स्कूल से साइकॉलोजी की डिग्री हासिल की।
- प्रियंका ने अपना पहला सार्वजनिक भाषण 16 साल की उम्र में दिया था। खबरों की मानें तो 2014 के लोकसभा चुनाव में प्रियंका धार्मिक नगरी बनारस से चुनाव लड़ना चाहती थीं, लेकिन मोदी के खिलाफ खड़े होने के जोखिम से उन्हें बचने की सलाह दी गई।
- प्रियंका अपने पति रॉबर्ट वाड्रा से 13 साल की उम्र में मिली थीं। प्रियंका ने ही रॉबर्ट की तरफ दोस्ती का हाथ बढ़ाया था।
- प्रियंका और रॉबर्ट शादी से पहले 6 साल तक एक साथ थे। इसके बाद उन्होंने परिवार को अपने रिश्ते के बारे में बताया। प्रियंका और रॉबर्ट की शादी काफी लो-प्रोफाइल रखी गई। शादी में महज 150 मेहमानों को निमंत्रण दिया गया। इन मेहमानों में बच्चन परिवार भी शामिल था।
- शुरुआत में रॉबर्ट के पिता और गांधी परिवार इस शादी के लिए तैयार नहीं था लेकिन प्रियंका की जिद के कारण बाद में उन्हें राजी होना पड़ा। 18 फरवरी 1997 को प्रियंका ने रॉबर्ट वाड्रा से शादी कर ली। इनके दो बच्चे हुए। 29 अगस्त 2000 को प्रियंका ने पहले बच्चे को जन्म दिया, जिसका नाम रेहान (बेटा) है। इसके बाद 24 जून 2002 को प्रियंका के दूसरे बच्चे मिराया (बेटी) का जन्म हुआ।
- प्रियंका की तुलना अक्सर उनकी दादी इंदिरा गांधी से होती है। प्रियंका का हेयरस्टाइल, कपड़ों के चयन और बात करने के सलीके में इंदिरा गांधी की छाप साफ नजर आती है।
- प्रियंका को फोटोग्राफी, कुकिंग, और पढ़ना खासा पसंद है। प्रियंका को बच्चों से खासा लगाव है। उन्होंने ही राजीव गांधी फाउंडेशन के बेसमेंट में बच्चों के लिए लाइब्रेरी शुरू कराई जिसका इस्तेमाल रोजाना कई बच्चे करते हैं।
- प्रियंका वर्तमान में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय महासचिव तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी हैं।