चैतन्य भारत न्यूज
26 अप्रैल को अलवर जिले के थानागाजी इलाके में पांच लोगों ने दलित महिला का रेप किया और उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया था। इसके बाद गुरुवार को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी सामूहिक दुष्कर्म पीड़िता के परिवार वालों से मिलने पहुंचे। इस दौरान राहुल के साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट भी मौजूद थे।
सूत्रों के मुताबिक, पीड़िता से मिलने के बाद राहुल ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि, ‘जब मैंने इस घटना के बारे में सुना तो फिर मैंने अशोक गहलोत जी से बात की। यह घटना मेरे लिए राजनीतिक मुद्दा नहीं है। मैंने पीड़िता के परिवार से मिलकर कहा कि, उन्हें न्याय जरूर मिलेगा और सभी दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद सीएम गहलोत ने भी पीड़ित परिवार की मदद करने के लिए घोषणा की है। गहलोत ने पीड़िता को सरकारी नौकरी देने का वायदा किया। इसके साथ ही सीएम ने इस मामले में सात दिनों में चालान पेश करने की बात कही।
सीएम गहलोत ने ये भी कहा कि, अलवर जिलों में होने वाली घटनाओं पर रोक लगाने के लिए राज्य सरकार गंभीर है। उन्होंने बताया कि, अलवर जिले में दो 2 एसपी की नियुक्ति होगी। राज्य सरकार की कोशिश है कि घटना के आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा मिले।