चैतन्य भारत न्यूज
मुंबई. बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता राज कपूर की बेटी और अमिताभ बच्चन की बेटी श्वेता बच्चन की सास ऋतु नंदा का 71 साल की उम्र में निधन हो गया है। जानकारी के मुताबिक, ऋतु लंबे समय से कैंसर से पीड़ित थीं। उनके निधन की पुष्टि ऋषि कपूर की बेटी रिद्धिमा कपूर साहनी ने की है।
View this post on Instagram
रिद्धिमा ने इंस्टाग्राम पर बुआ के निधन की खबर शेयर की और लिखा कि, ‘मैंने अपनी पूरी जिंदगी में इनसे ज्यादा सभ्य और विनम्र व्यक्ति से नहीं मिली। बुआ आप हमें हमेशा याद आएंगी। भगवान आपकी आत्मा को शांति दे।’
दिल्ली में होगा अंतिम संस्कार
जानकारी के मुताबिक, ऋतु का अंतिम संस्कार दिल्ली में होगा। कई बॉलीवुड सेलिब्रिटीज दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। ऋतु नंदा के भाई और अभिनेता रणधीर कपूर ने एक अखबार से बातचीत में बताया है कि, ‘ऋतु कैंसर की बीमारी से जूझ रही थीं। उनका अंतिम संस्कार दिल्ली में किया जाएगा।’ उन्होंने बताया कि, ऋतु के कैंसर का पता साल 2013 में चला था और तब से लेकर अब तक वह इस बीमारी से जंग लड़ रही थीं।
2018 में हुआ था श्वेता बच्चन के ससुर का निधन
बता दें, साल 2018 के अगस्त में श्वेता बच्चन के ससुर राजन नंदा का निधन हुआ था। उस समय अमिताभ बच्चन विदेश में फिल्म ‘ब्रह्मास्त्र’ की शूटिंग कर रहे थे। निधन की खबर मिलते ही वह शूटिंग छोड़कर राजन नंदा को अंतिम विदाई देने भारत लौटे थे। बता दें राजन नंदा एस्कॉर्ट्स ग्रुप के चेयरमैन थे, उनके बेटे निखिल नंदा कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। श्वेता बच्चन की शादी निखिल से हुई है।