चैतन्य भारत न्यूज
लखनऊ. पुलिस ने विश्व हिंदू महासभा के अध्यक्ष रणजीत बच्चन के आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। रणजीत की हत्या के पीछे किसी और का नहीं बल्कि खुद रणजीत की दूसरी पत्नी स्मृति और उसके प्रेमी का हाथ था। इस मामले में पुलिस ने पत्नी समेत चार साजिशकर्ताओं को गिरफ्तार किया है।
तलाक न होने पर परेशान थी स्मृति
बता दें स्मृति किसी और से शादी करना चाहती थी लेकिन दोनों के बीच तलाक का मामला सुलझ नहीं रहा था। इस बात से वह परेशान थी। स्मृति ने अपने पति को रास्ते से हटाने का मन बनाया और प्रेमी के साथ मिलकर यह खौफनाक साजिश रच डाली। साजिश के तहत 1 फरवरी को बाइक सवार हमलावरों ने लखनऊ के हजरतगंज इलाके में ग्लोबल पार्क के पास रणजीत बच्चन की गोली मार कर हत्या कर दी।
मुंबई भाग गया था हमलावर
पुलिस के लिए यह केस किसी चुनौती से कम नहीं था। पुलिस की कई टीम इस मामले में छानबीन कर रही थीं। पुलिस ने हत्याकांड की जांच के दौरान लगभग 70 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके बाद पता चला कि इस हत्याकांड में स्मृति और उसका प्रेमी शामिल था। पुलिस ने स्मृति और उसके दोस्त समेत दोनों हमलावरों को भी गिरफ्तार कर लिया है। हमलावर को मुंबई से गिरफ्तार किया गया है। वह हत्या की वारदात के बाद ट्रेन से मुंबई भाग गया था।
क्या है पूरा मामला?
विश्व हिंदू महासभा के यूपी अध्यक्ष रणजीत बच्चन (42) की एक फरवरी को लखनऊ के परिवर्तन चौक स्थित ग्लोब पार्क के पास दो बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। हत्या के समय रणजीत अपने करीबी रिश्तेदार आदित्य श्रीवास्तव के साथ ग्लोब पार्क के मुख्य गेट के सामने मॉर्निंग वॉक कर रहे थे। हमले के बाद हमलावर मौके से तुरंत फरार हो गए। घटना के बाद रणजीत को लखनऊ ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था जहां डॉक्टरों ने उहे मृत घोषित कर दिया था। इस घटना में आदित्य को भी गोली लगी थी।
गौरतलब है कि पिछले साल अक्टूबर में लखनऊ में ही नाका इलाके में हिंदू समाज पार्टी के नेता और हिंदू महासभा के पूर्व सदस्य कमलेश तिवारी की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।