चैतन्य भारत न्यूज
बॉलीवुड के सबसे एनर्जेटिक अभिनेता कहे जाने वाले रणवीर सिंह अपने ज्यादातर किरदारों में फिट बैठते हैं। इसकी वजह है रणवीर द्वारा की गई मेहनत। जी हां… रणवीर अपने सभी किरदारों में बखूबी ढलने के लिए हर संभव प्रयास करते हैं। इन दिनों वे अपनी अपकमिंग फिल्म ’83’ के लिए जमकर पसीना बहा रहे हैं। बता दें ये फिल्म दिग्गज क्रिकेटर कपिल देव की बायोपिक हैl फिल्म की कहानी 1983 में भारत द्वारा जीते गए पहले क्रिकेट विश्व कप पर आधारित है। इस फिल्म में रणवीर कपिल देव की भूमिका में नजर आएंगे। हाल ही में ये बात सामने आई है कि इस फिल्म के लिए रणवीर पहली पसंद नहीं थे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ’83’ के लिए रणवीर नहीं बल्कि एक्टर रणदीप हुड्डा मेकर्स की पहली पसंद थे। जी हां… रणवीर से पहले रणदीप हुड्डा को ये फिल्म ऑफर की गई थी। फिल्म के लिए रणदीप का लुक टेस्ट भी कर लिया गया था और उनके नाम की घोषणा भी हो चुकी थी। ये उस समय की बात है जब इस फिल्म का निर्देशन संजय पूरण सिंह करने वाले थे। हालांकि, फिर किन्ही वजहों से संजय के हाथों से फिल्म निकल गई और ये प्रोजेक्ट निर्देशक कबीर खान के हाथों में चला गया। इसके बाद फिल्म में लीड रोल रणवीर सिंह को मिल गया।
बता दें इन दिनों रणवीर क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ियों से खेल की बारीकियां सीख रहे हैं जिससे कि वे किरदार के ज्यादा से ज्यादा करीब आ सकें। रणवीर कपिल देव के साथ भी समय बिता रहे हैं। वे कपिल देव की बैटिंग और बॉलिंग दोनों ही स्टाइल को कॉपी करने की कोशिशों में जुटे हुए हैं। अब तक रणवीर का कपिल देव वाला लुक सामने नहीं आया है। रणवीर के लुक को देखने के लिए फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। फिल्म ’83’ अगले साल 10 अप्रैल को रिलीज होगी।