चैतन्य भारत न्यूज
नई दिल्ली. टाटा ग्रुप के पूर्व चेयरमैन रतन टाटा अपनी एक फोटो शेयर करने के बाद से ही सुर्खियों में आ गए हैं। रतन टाटा की ये फोटो लोगों को काफी पसंद आ रही है। उनकी इस तस्वीर पर कमेंट कर लोग उनकी तारीफों के पुल बांध रहे हैं। दरअसल, रतन टाटा ने लगभग 3 महीने पहले ही इंस्टाग्राम ज्वाइन किया है। उन्होंने यह तस्वीर #ThrowbackThursday के साथ शेयर की और अपने पुराने दिनों की एक झलक फॉलोअर्स को दिखाई।
82 साल के रतन टाटा की ये तस्वीर तब की है जब वो 25 साल के थे। इंस्टा पोस्ट में तस्वीर के साथ कैप्शन में उन्होंने लिखा, ‘मैं इसे बुधवार को ही पोस्ट करने वाला था, लेकिन फिर मुझे ‘थ्रोबैक्स’ के बारे में बताया गया और वह गुरुवार को कैसे हो सकता था, तो यह लॉस एंजेलिस के दिनों की मेरी थ्रोबैक तस्वीर है।’ रतन टाटा की इस पुरानी तस्वीर को लोग खूब पसंद कर रहे हैं। आइए जानते हैं रतन टाटा की पर्सनल लाइफ के बारे में।
View this post on Instagram
बता दें रतन टाटा का जन्म 28 दिसंबर 1937 को सूरत में हुआ था। टाटा ग्रुप के पूर्व चेयरमैन ने अपनी एक अलग पहचान बनाई और बेहतर मुकाम भी हासिल किया। इसके बाद उन्होंने जनवरी 2013 में रिटायरमेंट ले लिया था। बिजनेस की दुनिया में तो रतन टाटा ने खूब नाम कमाया लेकिन प्यार के मामले में वह असफल ही साबित हुए।
चार बार होते-होते रह गई शादी
एक इंटरव्यू में रतन टाटा ने कहा था कि, ‘एक बार तो मेरी शादी बिल्कुल होते-होते रह गई। जब मैं अमेरिका में था, उन्हीं दिनों मेरी दादी ने मुझे अचानक फोन करके भारत आने को कहा। उसी दौरान भारत का चीन से युद्ध शुरू हो गया। इस तरह मैं वहीं अटक गया। बाद में उस लड़की की शादी हो गई। इतना ही नहीं ये भी पता चला कि उनके पति की मौत हो गई।’ इसके साथ ही उन्होंने बताया कि, कुछ साल पहले वह बॉम्बे हाउस ऑफिस में बैठे थे। तभी एक शख्स ने उन्हें पर्ची दी और कहा कि ये पेरिस की एक महिला ने दी है। उन्होंने कहा, ‘ये पर्ची उसी लड़की की थी। उनका अपना एक परिवार है, बच्चे भी हैं। दुनिया कितनी छोटी है। एक समय था तब हमारा कोई कॉनटैक्ट नहीं था पर आज हम दोस्त के तौर पर मिल लिया करते हैं।’
टाटा ने कहा कि दूर की सोचते हुए उन्हें लगता है कि अविवाहित रहना उनके लिए ठीक साबित हुआ, क्योंकि अगर उन्होंने शादी कर ली होती तो स्थिति काफी जटिल होती। उन्होंने कहा कि, ‘अगर आप पूछें कि क्या मैंने कभी दिल लगाया था, तो आपको बता दूं कि मैं चार बार शादी करने के लिए गंभीर हुआ और हर बार किसी न किसी डर से मैं पीछे हट गया। अपने प्यार के दिनों के बारे में टाटा ने कहा, जब मैं अमेरिका में काम कर रहा था, तो शायद मैं प्यार को लेकर बेहद गंभीर हो गया था और हम केवल इसलिए शादी नहीं कर सके, क्योंकि मैं वापस भारत आ गया।’
कमाई का 65 फीसदी हिस्सा दान करते हैं
बता दें रतन टाटा के पास बेशुमार दौलत है, लेकिन इसके बावजूद वो दुनिया के सबसे अमीर लोगों की सूची में नहीं आते। दरअसल रतन टाटा अपनी कमाई का 65 फीसदी हिस्सा दान कर देते हैं। उनकी कंपनी का जो भी प्रॉफिट होता है वो उसे समाज कल्याण के लिए दान कर देते हैं। ये पैसा उनके निजी फाइनेंशियल स्टेटमेंट में दर्ज नहीं होता है। इसीलिए रतन टाटा की निजी संपत्ति 100 करोड़ से ऊपर नहीं जाती है।