चैतन्य भारत न्यूज
मुंबई. भारत के दिग्गज उद्योगपति और टाटा ग्रुप के चेयरमैन रतन टाटा ने वैलेंटाइन डे के मौके पर अपनी प्रेम कहानी साझा की। रतन टाटा ने बताया कि किस तरह उनकी प्रेम कहानी की शुरुआत हुई थी और उनकी शादी होते-होते रह गई।
भारत-चीन युद्ध की वजह से टूटा रिश्ता
रतन टाटा ने ह्यूमंस ऑफ बॉम्बे नाम के एक फेसबुक पेज पर लिखा कि, ‘लॉस एंजिल्स में कॉलेज की पढ़ाई पूरी करने के बाद वो एक आर्किटेक्चर कंपनी में नौकरी करना शुरू कर दिया था।’ रतन टाटा ने बताया कि, ‘साल 1962 का वह दौर बहुत अच्छा था क्योंकि लॉस एंजिल्स में ही उन्हें किसी से प्यार हो गया था। उनकी शादी भी लगभग पक्की हो चुकी थी। लेकिन फिर उनकी दादी की तबीयत खराब हो गई जिसके बाद उन्हें भारत लौटना पड़ा। भारत लौटते समय उन्हें उम्मीद थी कि उनकी प्रेमिका भी उनके साथ आएगी लेकिन भारत-चीन युद्ध की वजह से उनके माता-पिता तैयार नहीं हुए और रिश्ता खत्म हो गया।
कुछ और निजी बातें भी शेयर कीं
रतन टाटा ने कई और भी बातें शेयर कीं। उन्होंने बताया कि, ‘उनके माता-पिता का तलाक हो गया था। दादी ने उनकी परवरिश की। पैरेंट्स के अलग होने के कारण उन्हें और उनके भाई को कुछ दिक्कतें हुईं लेकिन फिर भी बचपन खुशी से बीता।’ उन्होंने बताया कि, ‘तलाक आज की तरह सामान्य बात नहीं थी। मां ने दूसरी शादी कर ली थी। स्कूल के लड़के तमाम तरह की बातें किया करते थे लेकिन दादी बताती थीं कि ऐसे हालातों में कैसे शांत बने रहना है।’
दादी ने मूल्यों की अहमियत बताई
उऩ्होंने आगे बताया कि, ‘दूसरे विश्वयुद्ध के बाद दादी दोनों भाईयों को छुट्टियों के लिए लंदन ले गई थीं और वहीं उन्होंने जिंदगी में मूल्यों की अहमियत बताई। दादी ने बताया कि प्रतिष्ठा सभी चीजों से ऊपर होती है।’
पिता चाहते थे इंजीनियर बने
रतन टाटा ने आगे बताया कि, ‘पिता के साथ कई बार अनबन भी हो जाती थी। मैं वायलिन सीखना चाहता था और पिता चाहते थे कि मैं पियानो सीखूं। मैं अमेरिका जाना चाहता था और वो मुझे ब्रिटेन भेजना चाहते थे। मैं आर्किटेक्ट बनना चाहता था और वो मुझे इंजीनियर बनाना चाहते थे।’
सोशल मीडिया पर रहते हैं एक्टिव
बता दें रतन टाटा की प्रेम कहानी का पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है और अब तक इसे 3 हजार से ज्यादा लोग इसे शेयर कर चुके हैं। रतन टाटा सोशल मीडिया पर भी खासे एक्टिव रहते हैं। पिछले दिनों ही उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपने 10 लाख फॉलोवर्स होने पर पोस्ट करते हुए लिखा था कि यह मील के पत्थर जैसा है।
ये भी पढ़े…
इंस्टाग्राम पर 10 लाख फॉलोअर्स होने पर महिला ने रतन टाटा को कहा बधाई हो छोटू, मिला यह शानदार जवाब
चर्चा में है रतन टाटा की जवानी की तस्वीर, 4 बार होते-होते रह गई थी उनकी शादी