चैतन्य भारत न्यूज
हिंदू धर्म के मुताबिक, नक्षत्रों में सर्वश्रेष्ठ, शुभ और समृद्धिदायक माना जाने वाला रवि पुष्य नक्षत्र 12 जनवरी 2020 यानी आज है। मान्यता है कि इस दिन किए गए कार्यों में सफलता मिलना निश्चित हो जाती है। यह खरीदी का भी महामुहूर्त होता है। इस नक्षत्र का स्वामी शनि और देवता बृहस्पति होते हैं। आइए जानते हैं रवि पुष्य नक्षत्र का महत्व और इस दिन किन कार्यों को करना चाहिए।
पुष्य नक्षत्र का महत्व
ज्योतिष्यचार्य के मुताबिक, इस बार रवि-पुष्य, सर्वार्थ सिद्धि व श्रीवत्स योग एक साथ हैं, इसलिए इस दिन का महत्व बहुत अधिक बढ़ गया है। रवि पुष्य और सर्वाथसिद्धि योग के एक साथ आने से शुभ कार्यों के पूरे परिणाम मिलेंगे। इस दिन की गई खरीदारी सभी लोगों के लिए शुभ फल देने वाली रहेगी। कहा जाता है कि इस मुहूर्त में खरीदारी से घर में लक्ष्मी का वास होगा। रवि पुष्य नक्षत्र वैवाहिक कार्यों के लिए भी शुभ माना गया है। विवाह संबंधी कार्य भी इस दिन किए जा सकते हैं।
पुष्य नक्षत्र पर करें ये काम
- रवि पुष्य नक्षत्र खरीददारी करने के लिए अत्यंत शुभ माना गया है। यदि आप स्थायी संपत्ति सुख पाना चाहते हैं तो इस दिन अपने भूमि, भवन, संपत्ति से जुड़े सौदे जरूर करें।
- मान्यता है कि इस दिन मकान, वाहन खरीदने से वह सुख स्थायी होने के साथ ही उसमें वृद्धि भी होती जाती है।
- काम की गुणवत्ता और असरकारकता में भी सुधार होता है।
- इस शुभदायी दिन पर महालक्ष्मी की साधना करने से विशेष व मनोवांछित फल प्राप्त होता है।
- इस दिन सूर्य देवता की पूजा करने से जीवन के हर एक क्षेत्र में सफलता की प्राप्ति होती है।