चैतन्य भारत न्यूज
अपने बेबाक बयान के लिए पहचाने जाने वाले मशहूर अभिनेता रजा मुराद ने नागरिकता संशोधन कानून पर बड़ा बयान दिया है। उनका कहना है कि अगर गायक अदनान सामी को नागरिकता दे सकते हैं तो बाकी लोगों को क्यों नहीं दे सकते।
हाल ही में हुए एक इंटरव्यू में रजा ने कहा कि, ‘ये कानून हमारे संविधान के विपरीत है। सरकार को इस कानून को रोल बैक करना चाहिए। अदनान सामी को नागरिकता दे सकते हो तो औरों को क्यों नहीं? उनके वालिद ने तो हमपर 1965 की जंग में बमबारी की थी।’ बता दें अदनान को 2016 में भारतीय नागरिकता मिली थी। इसके अलावा फिल्म ‘छपाक’ और ‘तानाजी’ पर हो रही राजनीति को लेकर रजा ने कहा कि, ऐसा देश में बहुत कुछ हो रहा है जो नहीं होना चाहिए।
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से लगातार नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और एनआरसी को लेकर पूरे देश में चर्चा जारी है। देश के कई हिस्सों में लोग इस कानून के खिलाफ शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे हैं वहीं कुछ राज्यों में हिंसक प्रदर्शनों की खबरें भी आई। बता दें नागरिकता संशोधन कानून में तीन पड़ोसी देशों से भारत आए गैर-मुस्लिम प्रवासियों को भारत की नागरिकता देने का प्रावधान है। ये देश हैं बांग्लादेश, पाकिस्तान और अफगानिस्तान।
सरकार का दावा है कि हिंदू, सिख, बौद्ध, जैन, पारसी और ईसाई धर्म के लोग उपर्युक्त देशों में अल्पसंख्यक हैं। इन देशों में इनका उत्पीड़न होता है। इसलिए भारत में पांच साल पूरा कर चुके इन शरणार्थियों को भारत की नागरिकता दी जाएगी। पहले भारत की नागरिकता हासिल करने के लिए 11 साल की शर्त थी।