चैतन्य भारत न्यूज
दुनियाभर में इस वक्त आर्थिक असमानता तेजी से बढ़ रही है। यानि अमीर और अमीर होते जा रहे हैं और गरीब और गरीब होते जा रहे हैं। जी हां… इस बात की पुष्टि दुनिया के सबसे धनी परिवारों की सालाना सूची से भी होती है। ऐसी ही एक सूची ब्लूबर्ग ने भी जारी की है। जिसमें कहा गया है कि दुनिया के सबसे धनी 25 परिवारों के पास 1.4 लाख करोड़ डॉलर यानि करीब 99 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति है।
पहले पायदान पर है वॉल्टन परिवार
रिटेल चेन को संचालित करने वाला वॉल्टन परिवार अमीरी के मामले में सबसे पहले स्थान पर है। रिपोर्ट के मुताबिक वॉल्टन परिवार, हर मिनट 46 लाख रुपए, हर घंटे 28 करोड़ रुपए और हर दिन 672 करोड़ रुपए की संपत्ति जोड़ता है। वॉल्टन परिवार हर साल करीब 2.7 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति जोड़ता है। बात की जाए अगर इस परिवार की कुल संपत्ति के बारे में तो इनकी कुल संपत्ति 13.5 लाख करोड़ रुपए है।
वॉल्टन के अलावा ये भी तेजी से बढ़ा रहे संपत्ति
ऐसी तेजी से पैसे बनाने के मामले में वॉल्टन परिवार अकेला नहीं है बल्कि कई ऐसे अरबपति परिवार है, जो लगभग इसी गति से अपनी संपत्ति में इजाफा कर रहे हैं। इस सूची में दूसरे स्थान पर मार्स परिवार आता है, जिसकी कुल संपत्ति करीब नौ लाख करोड़ रुपए है। मार्स परिवार ने महज एक ही साल में करीब 2.9 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति जोड़ ली है। इसके बाद तीसरे स्थान पर कोश परिवार है, जिसकी कुल संपत्ति 8.84 लाख करोड़ रुपए है। इस परिवार ने एक साल में 1.84 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति जोड़ी है।
भारत से केवल अंबानी परिवार शामिल
वहीं बात की जाए मुकेश अंबानी के परिवार की तो वह इस सूची में नौवें स्थान पर है। इस समय अंबानी परिवार के पास 3.5 लाख करोड़ रुपए की संपत्ति है। खास बात यह है कि भारत के धनी परिवारों में केवल अंबानी ने ही इस सूची में स्थान प्राप्त किया है। एक साल में अंबानी परिवार ने 50 हजार करोड़ रुपए अपनी संपत्ति में जोड़े हैं।
एक साल में बढ़ी 24 फीसदी संपत्ति
जारी की गई रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका के सबसे धनी 0.1 फीसदी लोग जितनी संपत्ति का हिस्सा वर्तमान में रखते हैं, वह साल 1929 के बाद से सबसे अधिक है। ये हाल केवल अमेरिकी का ही नहीं बल्कि दुनिया के कई अन्य हिस्सों का भी है। टॉप 25 परिवारों की संपत्ति पिछले एक साल में 24% बढ़ी है। यही वजह है कि कई आलोचक मानते हैं कि पूंजीवादी व्यवस्था में सुधार की सबसे ज्यादा जरुरत है।
दुनिया के सबसे अमीर दस परिवार
स्थान परिवार संपत्ति
पहला वॉल्टन 13.5 लाख करोड़ रुपए
दूसरा मार्स 9.00 लाख करोड़ रुपए
तीसरा कोश 8.84 लाख करोड़ रुपए
चौथा अल सउद 7.10 लाख करोड़ रुपए
पांचवां वर्थिमर 4.09 लाख करोड़ रुपए
छठा हार्मोस 3.77 लाख करोड़ रुपए
सातवां वान डैम 3.75 लाख करोड़ रुपए
आठवां बोहेरिंगर 3.60 लाख करोड़ रुपए
नौवां अंबानी 3.05 लाख करोड़ रुपए
दसवां मैकमिलन 3.04 लाख करोड़ रुपए