चैतन्य भारत न्यूज
इंदौर. मध्य प्रदेश के इंदौर में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। यहां दो कारों की भीषण टक्कर हुई। इस भीषण हादसे में छह लोगों की मौत हो गई और छह अन्य लोग घायल हो गए। घायलों को नजदीक के अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
Madhya Pradesh: Six dead and five critically injured after two cars collided in Tejaji Nagar, Indore, early morning today.
— ANI (@ANI) October 29, 2019
हादसा मंगलवार सुबह इंदौर के तेजाजी नगर क्षेत्र में रालामंडल के पास हुआ है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, हादसे के वक्त दोनों कारों की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों कारों के परखच्चे उड़ गए हैं। हादसे के बाद काफी देर तक जाम लग गया। पुलिस को घायलों और शवों को कार से निकालने के लिए खूब मशक्कत करनी पड़ी। बताया जा रहा है कि मरने वालों में आर्मी में लेफ्टिनेंट कर्नल जयप्रकाश और उनका परिवार शामिल है। लेफ्टिनेंट कर्नल जयप्रकाश बिहार के रहने वाले थे और इंदौर के महू में तैनात थे। दिवाली के बाद वह बिहार से अपनी ड्यूटी पर महू लौट रहे थे। मृतकों में जयप्रकाश के अलावा उनकी पत्नी, चार महीने का बच्चा, सास-ससुर और नौकर शामिल हैं।
सभी घायल लोग उत्तर प्रदेश के रहने वाले हैं। जानकारी के मुताबिक, घायलों की हालत फिलहाल नाजुक बनी हुई है। टक्कर की आवाज इतनी तेज थी, जिसे सुनकर आसपास मौजूद लोग दौड़ पड़े। इन्हीं लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को घटना की सूचना दी, जिसके बाद तेजाजी नगर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल ले जाया गया।