चैतन्य भारत न्यूज
आईसीसी विश्व कप 2019 के लिए भारतीय टीम की घोषणा 15 अप्रैल को बीसीसीआई द्वारा की जाने वाली है। इससे कुछ ही दिनों पहले टीम इंडिया के सामने एक बड़ा संकट आ गया है। सूत्रों के मुताबिक, भारतीय क्रिकेट टीम के उप कप्तान और सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा प्रैक्टिस सेशन के दौरान मंगलवार को चोटिल हो गए हैं। ऐसे में अगर 15 अप्रैल तक रोहित फिट नहीं हुए तो टीम को बड़ा झटका लग सकता है।
मांसपेशियों में हुआ खिंचाव
जानकारी के मुताबिक, वानखेड़े स्टेडियम में प्रैक्टिस करते समय रोहित की मांसपेशियों में अचानक खिंचाव हुआ जिसके कारण वह जमीन पर लेट गए और तेज दर्द के चलते रोहित ने सिर पकड़ लिया। इसके बाद मुंबई इंडियंस टीम के फिजियो नितिन पटेल तुरंत रोहित के पास पहुंचे। प्रारंभिक इलाज करवाने के बाद रोहित को ड्रेसिंग रूम की ओर जाते हुए देखा गया। रोहित को चलने में भी परेशानी हो रही थी। हालांकि, अब तक रोहित की चोट को ज्यादा जानकारी नहीं मिली है। लेकिन मुंबई इंडियंस के ट्वीटर अकाउंट से एक वीडियो शेयर किया गया है जिसे देखकर यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि रोहित फिट हैं और वे आज का मैच खेल सकते हैं।
— Mumbai Indians (@mipaltan) April 10, 2019
आज पंजाब से है मुंबई का मुकाबला
बता दें आज आईपीएल सीजन-12 के 24वें मैच में रोहित शर्मा की कप्तानी वाली टीम मुंबई इंडियंस का मुकाबला किंग्स इलेवन पंजाब के साथ होगा। हालांकि, अब तक रोहित के मैच खेलने या ना खेलने की आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है। बता दें रोहित भारतीय टीम और साथ ही मुंबई इंडियंस दोनों के ही एक महत्वपूर्ण अंग हैं और इसलिए उन्हें समय रहते ठीक होने की आवश्यकता है।