चैतन्य भारत न्यूज
भोपाल. लोकसभा चुनाव 2019 के जरिए राजनीति में कदम रखने वाली भोपाल से सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर अक्सर ही अपने विवादित बयानों के चलते चर्चाओं में बनी रहती हैं। हाल ही में प्रज्ञा ने बतौर सांसद यह ऐलान किया है कि, वह अपनी पूरी तनख्वाह जरूरतमंदों और गरीब लोगों पर खर्च करेंगी।
मंगलवार को प्रज्ञा भोपाल के कमला नेहरू अस्पताल निरीक्षण के लिए पहुंची। यहां उन्होंने गंभीर बीमारी से जूझ रही एक बच्ची का इलाज कराया। प्रज्ञा ने इस दौरान यह ऐलान किया कि, वह अब से बतौर सांसद मिलने वाली अपनी पूरी तनख्वाह गरीब और जरूरतमंद लोगों पर खर्च करेंगी। प्रज्ञा ने कहा कि, ‘मैंने तय किया है कि अब से बतौर सांसद मिलने वाली तनख्वाह को मैं खुद पर नहीं बल्कि जरूरतमंदों पर खर्च करूंगी। इसीलिए मैंने अपनी सैलरी से अस्पताल में भर्ती जरूरतमंद बच्ची के इलाज के लिए इंजेस्शन खरीदने को कहा है।’
बच्ची के माता-पिता ने बताया कि, ‘पिछले काफी समय से उनकी बेटी जापानी बुखार से जूझ रही है। लेकिन उनके पास इतने पैसे नहीं हैं कि वह बच्ची की इस गंभीर बीमारी का इलाज करा सके। बच्ची को लगने वाले इंजेक्शन भी काफी महंगे हैं। इसलिए वह लाचार हैं।’ सूत्रों के मुताबिक, बच्ची को जो इंजेक्शन लग रहे हैं उनकी कीमत सात हजार रुपए हैं। उसे इसी कीमत वाले आठ इंजेक्शन लगने हैं। प्रज्ञा के साथ इस दौरान बाल आयोग के पूर्व अध्यक्ष राघवेंद्र शर्मा भी मौजूद थे। उन्होंने अस्पताल के सभी वार्डों का निरिक्षण किया और वहां फैली गंदगी पर नाराजगी जताते हुए जल्द से जल्द सफाई करने का आदेश दिया।