चैतन्य भारत न्यूज
भोपाल. मध्यप्रदेश की हाई प्रोफाइल लोकसभा सीट भोपाल से भाजपा उम्मीदवार साध्वी प्रज्ञा ठाकुर ने मंगलवार को नामांकन भरा। नामांकन भरने से पहले प्रज्ञा ने रोड शो भी किया था। इस रोड में हजारों की संख्या में साधु-संत शामिल हुए थे।
बताया जा रहा है कि प्रज्ञा ने शुभ मुहूर्त देखकर नामांकन दाखिल किया। प्रज्ञा के रोड शो के दौरान हंगामे हो गए थे। दरअसल, कुछ एनसीपी कार्यकर्ताओं ने प्रज्ञा को काला झंडा दिखाने की कोशिश की थी और ये देख बीजेपी कार्यकर्ता भड़क उठे जिसके बाद उन्होंने एनसीपी कार्यकर्ताओं की पिटाई कर दी। झंडा दिखाने वाले युवक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
प्रज्ञा ने जनसभा संबोधित करते हुए कहा कि, ‘जब सनातन संस्कृति पर हमला होता है तो संतों को आगे आना पड़ता है। इसलिए मैं भोपाल से चुनाव लड़ रही हूं।’ प्रज्ञा ने कहा कि, ‘कांग्रेस ने भगवा को आतंकवाद कहा। मैं सभी हिंदुओं की तकलीफों को अच्छे से जानती हूं। मैं उनकी सुरक्षा के लिए कड़ा कानून बनाने के लिए जो करना पड़े, वो करूंगी।’
बता दें प्रज्ञा मालेगांव ब्लास्ट की मुख्य आरोपी हैं। उनके चुनाव लड़ने पर रोक लगाने को लेकर याचिका दाखिल की गई थी। इसे लेकर एनआईए ने कहा है कि, ‘यह मामला चुनाव आयोग से संबंधित है। यह हमारे अधिकार क्षेत्र से बाहर है।’ अपने खिलाफ याचिका दाखिल होने के बाद प्रज्ञा ने कहा था कि, ये सिर्फ पब्लिसिटी स्टंट के लिए किया गया काम है। ऐसा करके याचिकाकर्ता ने कोर्ट का समय बर्बाद किया है। इसलिए उन पर जुर्माना लगाना चाहिए और याचिका को खारिज कर देना चाहिए।