चैतन्य भारत न्यूज
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के संन्यास की खबरें हर थोड़े दिन में सुर्खियों में आ जाती हैं। बुधवार को अचानक ही सोशल मीडिया पर धोनी रिटायर्स #DhoniRetires ट्रेंड होने लगा। सोशल मीडिया पर धोनी के संन्यास की खबरों के ट्रेंड होने की वजह से उनकी पत्नी साक्षी बुरी तरह भड़क गईं और उन्होंने ट्वीट कर झूठी खबरें फैलाने वालों को करारा जवाब दे दिया।
साक्षी ने टि्वटर पर लिखा, ‘यह सिर्फ अफवाह है। ऐसा लगता है कि लॉकडाउन ने लोगों को मानसिक रूप से अस्थिर कर दिया है। #DhoniRetires ट्रेंड करने वालों, जाओ अपना काम करो।’ हालांकि इसके बाद साक्षी ने अपने ट्वीट को डिलीट कर दिया। लेकिन तब तक उनके ट्वीट का स्क्रीनशॉट वायरल हो चुका था। ऐसा पहली बार नहीं हुआ है, जब साक्षी ने धोनी के संन्यास की खबरों को गलत बताया है। पिछले साल सितंबर में भी उन्होंने टि्वटर पर धोनी के संन्यास की खबरों को अफवाह बताया था।
बता दें कि धोनी दुनिया के सबसे सफल कप्तानों में शुमार हैं। धोनी करीब एक साल से क्रिकेट से दूर हैं। उन्होंने पिछला मैच जुलाई में वनडे वर्ल्ड कप का सेमीफाइनल खेला था, लेकिन इस मैच में भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद से ही उन्होंने टीम इंडिया के लिए कोई मैच नहीं खेला है। इस बीच धोनी के संन्यास को लेकर भी चर्चाएं हुई हैं। हालांकि धोनी ने खुद अभी तक अपने संन्यास को लेकर कोई बयान नहीं दिया है।