चैतन्य भारत न्यूज
सेल्फी का शौक और उसका क्रेज आजकल लोगों में इतना ज्यादा बढ़ गया है कि लोग हर समय सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर शेयर करते रहते हैं। युवाओं में इसका क्रेज कुछ ज्यादा ही है जो कई बार जानलेवा भी साबित हो चुका है। आप ये जानकार हैरान हो जाएंगे कि, सेल्फी लेने के दौरान सबसे ज्यादा मौतें भारत में होती है। भारत के बाद रूस, अमेरिका व पकिस्तान का नंबर आता है।
लगभग हर स्मार्टफोन यूजर सेल्फी के दीवाने होते हैं। सबसे अलग सेल्फी लेने के चक्कर में लोग खतरनाक जगहों पर फोटोग्राफी करने से भी पीछे नहीं हटते, जिसके चलते कई लोग अपनी जान गवां बैठे। देश के जर्नल ऑफ फैमिली मेडिसिन एंड प्राइमरी केयर में प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक, अक्टूबर 2011 से 2017 तक सेल्फी लेते समय 259 लोगों की मौत हो चुकी है। जिनमें सबसे ज्यादा मौतें भारत में हुई हैं। भारत में सेल्फी के चक्कर में मरने वालों का आंकड़ा 159 है।
रिपोर्ट के अनुसार भारत में सेल्फी लेते समय ज्यादातर मौतें नदी, समुद्र, झील में डूबने के दौरान हुई। इसके अलावा चलती ट्रेन के सामने और खतरनाक जानवरों के साथ सेल्फी लेने में कई लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि विदेश में ऊंची इमारतों और जंगली जानवरों के साथ सेल्फी के दौरान सबसे ज्यादा लोग अपनी जान गवां चुके हैं।
शोध के मुताबिक, मृतकों में 50% लोग 20 से 29 साल के थे। दूसरे स्थान पर रहे रूस में इस दौरान महज 16 और तीसरे स्थान पर रहे अमेरिका में 14 लोगों की मौत हुई थी। बता दें, भारत में 80 करोड़ से ज्यादा लोग मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हैं। वहीं सेल्फी लेने के दौरान हादसे का शिकार होने वाले लोगों में 72% पुरुष थे और बाकी महिलाएं थी।
सेल्फी लेने के दौरान हुई मौतें
भारत – 159
रूस – 16
अमेरिका – 14
पाकिस्तान – 13
क्रोएशिया – 11