चैतन्य भारत न्यूज
बॉलीवुड के किंग शाहरुख खान की चचेरी बहन नूरजहां का पाकिस्तान के पेशावर में निधन हो गया। पाकिस्तानी मीडिया ने परिवार के हवाले से यह जानकारी दी। नूरजहां के छोटे भाई मंसूर अहमद ने अपनी बहन के निधन की पुष्टि की और बताया कि वह कुछ समय से कैंसर से पीड़ित थीं। उनकी आयु के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई।
नूरजहां जिला एवं शहर पार्षद रह चुकी हैं। उन्होंने 2018 के आम चुनाव में अपना नामांकन भी दाखिल किया था हालांकि बाद में उसे वापस ले लिया था। नूर भारत में शाहरुख से मिलने दो बार आई थीं। दोनों परिवारों के बीच काफी अच्छे रिश्ते बताए जाते हैं। साल 1947 में भारत-पाक विभाजन के दौरान शाहरुख के पिता मीर ताज मोहम्मद दिल्ली आ गए थे। लेकिन चाचा गुलाम मोहम्मद ने पाकिस्तान में ही रहने का फैसला किया।
बात करें वर्क फ्रंट के बारे में तो शाहरुख पिछली बार 2018 में आनंद एल राय की फिल्म ‘जीरो’ में नजर आए थे। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप रही थी। फिल्म में उनके साथ कटरीना कैफ और अनुष्का शर्मा थीं। जीरो के बाद शाहरुख ने फिल्मों से लंबा ब्रेक ले लिया है।