चैतन्य भारत न्यूज
ह्यूस्टन (अमेरिका)। अमेरिका के टेक्सास प्रांत के ह्यूस्टन में पगड़ी और दाढ़ी रखकर ड्यूटी करने वाले भारतीय मूल के पहले सिख पुलिस अफसर संदीप सिंह धालीवाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात शुक्रवार को उस समय हुई जब संदीप एक ट्रैफिक सिग्नल पर ड्यूटी कर रहे थे। उन्होंने एक कार रोकी थी जिसमें आरोपित रॉबर्ट सोलिस और एक महिला सवार थे। आरोप है कि रॉबर्ट ने पीछे से आकर उन्हें दो गोलियां मार दी। अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह हमला नस्लीय था या नहीं। पुलिस ने आरोपित रॉबर्ट को हिरासत में ले लिया है।
गोली लगने के बाद धालीवाल को तत्काल हेलिकॉप्टर से अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन बचाया नहीं जा सका। गौरतलब है कि धालीवाल 2015 में उस समय सुर्खियों में आए थे जब उन्हें ड्यूटी के दौरान पगड़ी पहनने और दाढ़ी रखने की इजाजत मिली थी। पुलिस विभाग को यह मानना पड़ा था कि किसी शख्स को नौकरी या धार्मिक विश्वास में से किसी एक को नहीं चुनना होगा।
धालीवाल विवाहित थे और उनके तीन बच्चे हैं। लोग बच्चों के साथ की तस्वीरें और वीडियो शेयर कर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि आपराधिक प्रवृत्ति वाले सोलिस के खिलाफ पैरोल के नियमों के उल्लंघन करने के मामले में वारंट जारी था। पुलिस हत्या का कारण फिलहाल पता नहीं लगा पाई है।
ह्यूस्टन के हैरिस काउंटी के शेरिफ एड गोंजालेज ने बताया कि धालीवाल (42) पिछले दस साल से हैरिस काउंटी के शेरिफ दफ्तर में पदस्थ थे। उनको शुक्रवार को दिनदहाड़े गोली मारी गई। धालीवाल ने दोपहर करीब पौने एक बजे शहर के साइप्रस इलाके में एक कार रोकी थी। वीडियो में धालीवाल और कार चालक रॉबर्ट सोलिस (47) के बीच बातचीत होती दिखी, लेकिन उस समय उनमें कोई झगड़ा होता नजर नहीं आया।