चैतन्य भारत न्यूज
देश में कोरोना महामारी का प्रकोप एक बार फिर बढ़ गया है। मध्य प्रदेश में भी कोरोना बेकाबू होता जा रहा है। तीनों शहरों भोपाल, इंदौर और जबलपुर में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते शनिवार रात 10 बजे से सोमवार सुबह 6 बजे तक के लिए लॉकडाउन लगा दिया गया था। इसके लिए सरकार 23 मार्च को संकल्प अभियान की शुरुआत करेगी।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि, ’23 मार्च को सुबह 11 बजे मध्यप्रदेश के सभी शहरों में सायरन बजेगा। जो जहां होगा, वहीं दो मिनट खड़े रहकर मास्क लगाने और सोशल डिस्टेंसिंग के पालन का संकल्प लेगा। दुकानदारों से भी अपील करता हूं कि वे अपनी दुकानों के सामने दूरी रखने के लिए गोले बनाएं। शाम सात बजे फिर सायरन बजाकर संकल्प दोहराया जाएगा। दुकानों के बाहर ग्राहकों के खड़े होने के लिए गोले बनाए जाएंगे। गोले बनाने मैं भी निकलूंगा।’
आज इंदौर, भोपाल और जबलपुर में लॉकडाउन है। #COVID19 की लहर बहुत तेज़ी से बढ़ रही है। कल 1,332 मामले आये हैं, अनेक ज़िलों में संक्रमण तेज़ी से फैल रहा जिसे रोकना ज़रूरी है।मैं नहीं चाहता कि हम आर्थिक गतिविधियों को बाधित करें,लेकिन कोरोना की बढ़ती रफ्तार मन में चिंता पैदा कर रही है। pic.twitter.com/0iCCEdhWdR
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) March 21, 2021
मुख्यमंत्री ने कहा कि, ‘इंदौर, भोपाल सहित अन्य स्थानों पर पिछले कुछ माह की तुलना में कोरोना के पॉजिटिव प्रकरण ज्यादा आ रहे हैं। यह चिंता का विषय है। आमजन को इस संक्रमण से बचाने के लिए सरकार अपना दायित्व निभाएगी पर आमजन को भी सावधानियां बरतनी होंगी। संक्रमण से बचाव के लिए मास्क अनिवार्य है। इसी तरह सुरक्षित शारीरिक दूरी का पालन भी किया जाना चाहिए। इसका जनता ने पालन भी किया और अब फिर से इसकी आवश्यकता महसूस की जा रही है।’
होली को लेकर क्या कहा
मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में त्योहारों को किस तरह मनाया जाए। इसको लेकर जिला आपदा प्रबंधन समूहों के साथ बैठक करेंगे। मेरी होली-मेरे घर की तर्ज पर अन्य त्योहार भी मनाए जा सकते हैं।