चैतन्य भारत न्यूज
टोक्यो. अक्सर ऑफिस में काम करने वाले कर्मचारी लंच और टी-ब्रेक के साथ-साथ धुम्रपान के लिए भी छोटे ब्रेक लेते हैं। जिसके चलते काम पर फर्क पड़ता है और उत्पादकता प्रभावित होती है। ऐसे में जापान की एक कंपनी धूम्रपान छोड़ने के लिए अपने कर्मचारियों को 6 दिन की अतिरिक्त सवैतनिक छुट्टी का ऑफर दे रही है।
यह ऑफर ऐसे समय कंपनी की पॉलिसी में शामिल किया गया है, जब सिगरेट ब्रेक से कर्मचारियों की कार्य क्षमता पर असर पड़ने पर सवाल किए जा रहे थे। सिगरेट ब्रेक नहीं लेने पर कर्मचारियों को खास तोहफे का ये ऑफर टोक्यो स्थित मार्केटिंग फर्म पिआला आईएनसी की ओर से दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, फर्म पिआला आईएनसी का ऑफिस बहुमंजिला इमारत के 29वें माले पर है। जिस भी कर्मचारी को सिगरेट पीनी होती है, उसे नीचे बेसमेंट में जाना होता है। इसमें कर्मचारी को ‘सिगरेट ब्रेक’ में करीब 15 मिनट का वक्त लगता है। इससे वे कर्मचारी ज्यादा नाराज थे, जो सिगरेट नहीं पीते थे, क्योंकि उन्हें किसी तरह का कोई अतिरिक्त रिफ्रेशमेंट टाइम नहीं मिलता था।
यह शिकायत जब कंपनी के सीईओ, ताकाओ असुका ने सुनी तो उन्होंने सिगरेट ब्रेक नहीं लेने वाले कर्मचारियों के लिए 6 दिन के सवैतनिक अवकाश की घोषणा कर दी। ताकाओ असुका ने कहा कि, ‘मैं उम्मीद करता हूं, हमारे कर्मचारी 6 दिन की छुटि्टयों के लिए जल्द ही सिगरेट पीना छोड़ेंगे। नहीं तो उन पर अर्थदण्ड समेत दूसरी जरूरी कार्रवाई की जाएगी।’
जानकारी के मुताबिक, जापान में कंपनियां बढ़ते धूम्रपान पर अंकुश लगाने के लिए कई कदम उठा रही हैं। टोक्यो प्रशासन ने भी टोक्यो ओलिंपिक 2020 को ध्यान में रखते हुए पिछले साल धूम्रपान रोकने के लिए सख्त नियम बनाया है।