चैतन्य भारत न्यूज
केंद्रीय मंत्री और अमेठी से सांसद स्मृति ईरानी सोमवार देर रात अपने घर से करीब 14 किमी पैदल चलकर मुंबई के सिद्धि विनायक मंदिर पहुंचीं। स्मृति के साथ उनकी खास दोस्त और फिल्म निर्माता एकता कपूर भी थीं। बता दें स्मृति ने लोकसभा चुनाव 2019 में कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को अमेठी सीट से हराया है।
एकता ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक तस्वीर शेयर की है जिसमें वह स्मृति संग नजर आ रही हैं। इस तस्वीर को शेयर कर एकता ने कैप्शन में लिखा है कि, ’14 किलोमीटर चलकर सिद्धिविनायक पहुंचने के बाद की चमक।’ इसके जवाब में स्मृति ने कहा कि, ‘भगवान की इच्छा है। भगवान दयालु हैं।’ इसके अलावा एकता ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर स्मृति संग कई वीडियो भी शेयर किए हैं। वीडियो में एकता कह रही हैं कि, ‘हम सिद्धि विनायक के पास जा रहे हैं और वह बिना जूतों के चल रही हैं। 14 किलोमीटर तक बिना जूतों के। स्मृति पर विश्वास नहीं हो रहा। यह भगवान की इच्छा है। चलो।’
एकता ने स्मृति को जीत की बधाई देते हुए ट्वीटर पर एक फोटो शेयर की थी। एकता ने लिखा था, “रिश्तों के रूप बदलते हैं। नए-नए सांचे में ढलते हैं। एक पीढ़ी आती है, एक पीढ़ी जाती है… बनती कहानी नई।” बता दें स्मृति ईरानी को एकता के शो ‘क्योंकि सास भी कभी बहु थी’ के जरिए ही लोकप्रियता हासिल हुई है।