चैतन्य भारत न्यूज
नई दिल्ली. जेएनयू में प्रदर्शनकारी छात्रों के बीच अभिनेत्री दीपिका पादुकोण के पहुंचने पर भाजपा की वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी का बयान आया है। उन्होंने कहा कि, ‘दीपिका उन लोगों के साथ खड़ी हुईं, जो भारत के टुकड़े करना चाहते हैं। वो उन लोगों के साथ खड़ी हैं, जो जवानों के शहीद होने पर खुशी मनाते हैं। वो उनके साथ खड़ी हुईं, जिन्होंने लाठियों से लड़कियों के प्राइवेट पार्ट्स पर हमला किया।’
. @smritiirani takes down Deepika Padukone for supporting Bharat Tere Tukde Gang pic.twitter.com/XzqTmSjeaN
— Tajinder Pal Singh Bagga (@TajinderBagga) January 10, 2020
ईरानी ने आगे कहा कि, ‘दीपिका की पॉलिटिक्स क्या है, यह सभी जानते हैं। दीपिका ने अपना राजनीतिक झुकाव साल 2011 में साफ कर दिया था।’ दरअसल स्मृति उस इंटरव्यू का हवाला दे रही थीं, जिसमें दीपिका ने साल 2011 में कहा था कि वह राहुल गांधी को देश के प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहती हैं। दीपिका के जेएनयू जाने के बाद से उनके इस इंटरव्यू का वीडियो काफी वायरल हो रहा है।
बता दें हाल ही में दीपिका जेएनयू में हुई हिंसा के खिलाफ विरोध कर रहे छात्रों के समर्थन में जेएनयू गईं थीं। इसके बाद से सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक और बॉलीवुड गलियारों में दीपिका सुर्खियों में हैं। वहीं कई लोग इसे उनकी फिल्म ‘छपाक’ से जोड़ रहे हैं, जो 10 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हो गई है। कुछ लोग फिल्म को लेकर दीपिका को सपोर्ट कर रहे हैं तो कुछ लोग इस फिल्म का बहिष्कार कर रहे हैं।