चैतन्य भारत न्यूज
नई दिल्ली. देश में महिलाओं के खिलाफ हो रहे अपराध और बढ़ते दुष्कर्म से हर कोई आक्रोशित है। संसद से लेकर सड़कों तक हर कहीं पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द इंसाफ दिलाने को लेकर मांगें हो रही हैं। इसे लेकर समाजवादी पार्टी से सांसद और अभिनेत्री जया बच्चन भी गुरुवार को काफी गुस्से में नजर आईं। उन्होंने कहा कि, इन घटनाओं से मैं इतनी आहत हूं कि ऐसा लग रहा है कि कहीं मैं आप लोगों को पकड़कर ना मार दूं।
#WATCH Jaya Bachchan, SP MP on crimes against women: Yeh kya ho raha hai? Agar hum bohat sakht shabd use karte hai toh hume kaha jata hai ki aapko yeh nahi bolna chahiye tha…Abhi mujhe aisa lagta hai kahi gusse mein mein, aap log mere saamne khade hai, aapko pakad ke na maar du pic.twitter.com/1HT9g0JkV8
— ANI (@ANI) December 5, 2019
दरअसल, जया संसद भवन परिसर में गुरुवार को पत्रकारों से महिलाओं के खिलाफ हो रहे जुर्म पर बात कर रहीं थीं। जब पत्रकारों ने उनसे उत्तर प्रदेश के उन्नाव में आरोपियों द्वारा रेप पीड़िता को जिंदा जलाने के मामले पर सवाल किया तो जया ने कहा कि, ‘वो जो हुआ… बहुत ही गंदा हुआ। साथ ही साथ जो चित्रकूट के थाने में हुआ, उसे हम संसद में नहीं उठा सकते। उस पर बात नहीं कर सकते। ये क्या हो रहा है? अगर हम बहुत सख्त शब्द का इस्तेमाल करते हैं तो हमें कहा जाता है कि आपको ये नहीं बोलना चाहिए था। अभी मुझे ऐसा लगता है कि आप लोग मेरे सामने खड़े हैं, कहीं गुस्से में मैं आपको पकड़ के न मार दूं।’
उप्र में कहीं भी सुरक्षा नहीं
साथ ही जया ने उत्तर प्रदेश में हो रही वारदातों पर कहा कि, ‘राज्य में कहीं भी सुरक्षा नहीं है। अभी आपको उत्तर प्रदेश की घटनाएं बताऊंगी तो चौंक जाएंगे। उत्तर प्रदेश में कहीं भी सुरक्षा नहीं है।’ बता दें गुरुवार को उत्तर प्रदेश के उन्नाव में हुई घटना ने हर किसी को झकझोर दिया। यहां एक दुष्कर्म पीड़िता को जमानत पर छूटे आरोपितों ने जिंदा जला दिया। इस घटना में पीड़िता 90 फीसदी तक झुलस गई। पुलिस ने घटना के बाद पांचों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। इस पूरे मामले में विपक्ष ने राज्य की बीजेपी सरकार पर हमला बोला है।