चैतन्य भारत न्यूज
कोई चीज कभी इतनी कीमती निकल जाती है कि हमें उसका अंदाजा भी नहीं होता है। ऐसा ही हुआ ब्रिटेन में जहां सिर्फ 90 रुपए का एक फूलदान करीब साढ़े चार करोड़ रुपए में बिका जिससे इसके मालिक मालामाल हो गए।
जी हां…. ब्रिटेन के एक व्यक्ति ने जब 90 रुपए (एक पाउंड) में चैरिटी शॉप की नीलामी में एक चीनी फूलदान (वास) खरीदा, तब उसे इसकी अहमियत के बारे में पता नहीं था। कुछ दिन बाद व्यक्ति ने इसे ई-कॉमर्स कंपनी ईबे पर बेचने की कोशिश की। यहां से उसे कई ऑफर मिले। इससे उसकी जिज्ञासा बढ़ी और उसने इसकी नीलामी का फैसला किया।
नीलामी में पता चला कि जिस फूलदान को शख्स साधारण समझ रहा था, असल में वो 300 साल पुराना था। इसे एक चीनी व्यक्ति ने 4.48 करोड़ रुपए में खरीदा। हालांकि सुरक्षा की वजह से इसे बेचने और खरीदने वाले व्यक्ति के नाम का खुलासा नहीं किया गया है। खबरों के मुताबिक, यह फूलदान 18वीं सदी के एक चीनी सम्राट कियानलोंग (शासनकाल- 1735 से 1796) के लिए बनाया गया था। उस वक्त फूलदानों पर कियानलोंग राजवंश की मुहर भी लगाई जाती थी।
कियानलोंग सम्राट किंग वंश का छठवां सम्राट था। उन्होंने अपने बेटे जियाक्विंग को सम्राट बनाने के लिए राज्य 1796 में त्याग दिया था। इसके तीन साल बाद 1799 में 87 साल की उम्र में उनकी मृत्यु हो गई। कियानलोंग के शासन काल में इसका निर्यात विदेशों को नहीं किया जा सकता था। स्वोर्डस में एशियन आर्ट डिपार्टमेंट की प्रमुख येक्सू ली के मुताबिक, इस फूलदान की बिक्री में जो रकम मिली है, उसका इस्तेमाल शख्स अपनी तीन साल की बेटी की पढ़ाई पर करेगा। इसके अलावा बाकी रकम को वह अन्य जरूरत की चीजों पर खर्च करेगा।