चैतन्य भारत न्यूज
नई दिल्ली. दिल्ली के आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर अनूठा प्रयोग किया है। यहां प्लेटफॉर्म टिकट खरीदने के लिए अभी तक आपको रुपए देने पड़ते थे, लेकिन अब आप इसे मुफ्त में पा सकेंगे लेकिन एक शर्त पर। दरअसल, आनंद विहार स्टेशन पर एक ऐसी मशीन लगाई गई है जिसके सामने 180 सेकंड में 30 दंड-बैठक करने पर आपको प्लैटफॉर्म टिकट फ्री मिलेगा। इसे ‘फिट इंडिया दंड बैठक मशीन’ नाम दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, यह भारत की पहली ‘दंड बैठक मशीन’ है। रेलमंत्री पीयूष गोयल ने ‘फिटनेस के साथ बचत भी’ कैप्शन के साथ एक वीडियो ट्वीटर पर शेयर किया है। जिसे रिट्वीट करते हुए खेल मंत्री किरन रिजीजू ने कहा कि, ‘रेल मंत्री पीयूष गोयल का एक अनोखा तथा गजब का प्रयोग है।’
कैसे मिलेगा टिकट
मशीन के सामने दो पद चिह्न बनाए गए हैं। इन पद चिह्नों पर खड़े हो जाइए और दंड बैठक शुरू करें। 180 सेकंड में आपको 30 बार दंड बैठक करना होगा। मशीन में लगे डिस्पले पर आपको पॉइंट दिखता रहेगा। हर एक दंड के लिए एक पॉइंट मिलेगा। यदि आपने निर्धारित समय में 30 पॉइंट हासिल कर लिए तो आपको टिकट मुफ्त मिल जाएगा। साथ ही आपके पैरों की कसरत भी हो जाएगी।
फिटनेस के साथ बचत भी: दिल्ली के आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर फिटनेस को प्रोत्साहित करने के लिए अनूठा प्रयोग किया गया है।
यहां लगाई गई मशीन के सामने एक्सरसाइज करने पर प्लेटफार्म टिकट निशुल्क लिया जा सकता है। pic.twitter.com/RL79nKEJBp
— Piyush Goyal (@PiyushGoyal) February 21, 2020
ये सुविधाएं भी उपलब्ध
बता दें, इसी अभियान के तहत रेलवे ने स्टेशन पर ‘दवा दोस्त’ दुकान भी खोली है जिसमें यात्रियों को जेनरिक दवाएं बेची जाएंगी। दवा दोस्त का लक्ष्य भारतीयों के लिए अपने स्वास्थ्य की देखभाल को आसान बनाना और उन्हें उच्च गुणवत्ता वाली सस्ती दवाएं उपलब्ध करवा कर स्वास्थ्य पर उनके खर्चों में बचत करना है। इसके अलावा यहां अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। जैसे ब्लड प्रेशर जांचने की मशीन। मालिश करने वाली अत्याधुनिक कुर्सी। फिलहाल यह सारी सुविधाएं आनंद विहार रेलवे स्टेशन पर उपलब्ध हैं।