चैतन्य भारत न्यूज
बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर हर बड़े मुद्दे पर अपनी बेबाक राय रखती है। पिछले कुछ समय से स्वरा राजनीतिक मुद्दों पर भी चर्चा करते हुए नजर आ रही हैं। हाल ही में स्वरा एक एनजीओ संस्था के कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए भोपाल पहुंचीं। इस दौरान स्वरा ने भोपाल से लोकसभा प्रत्याशी प्रज्ञा ठाकुर को हिंदू आतंकवाद की आरोपी कह दिया।
स्वरा ने कहा कि, ‘भाजपा ने आतंक और हत्या की आरोपी को भोपाल से प्रत्याशी बनाया है, इसीलिए वह कांग्रेस उम्मीदवार दिग्विजय सिंह का समर्थन करने आईं हैं।’ आतंकवाद को लेकर स्वरा ने कहा कि, ‘मेरा मानना है कि आतंकवाद पाप है, जुर्म है और वो सबसे घटिया किस्म की गद्दारी है। चाहे आप किसी भी देश से हों।’ स्वरा के मुताबिक, ‘आतंकवाद का कोई धर्म नहीं होता है लेकिन आतंकवादी का धर्म होता है।’ प्रज्ञा पर निशाना साधते हुए स्वरा ने कहा कि, ‘साध्वी प्रज्ञा देश के टुकड़े करना चाहती हैं। प्रज्ञा हिंदू आतंकवाद की आरोपी हैं। आतंकी हिंदू हमले में भी मरते हैं। मुझे लगता है कि दिग्विजय सिंह भोपाल के लिए सही नेता हैं। प्रज्ञा ठाकुर भोपाल के लिए ठीक नहीं हैं।’
स्वरा ने भोपाल के लोगों से अपील करते हुए कहा कि, ‘एक हिंदू होने के नाते मैं भोपाल के लोगों से कहूंगी कि आपकी आस्था के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। मैं तहेदिल से भोपाल के नागरिकों को कहना चाहूंगी कि अपने दिल पर हाथ रखिए और इसके बाद आपका वोट साध्वी प्रज्ञा को पड़ ही नहीं सकता है।’ स्वरा ने अंत में अपनी बात खत्म करते हुए प्रज्ञा पर तंज कसा कि, ‘कहां राजा भोज और कहां ये फरेबी।’ खैर अब देखना तो यह होगा कि स्वरा की बातों पर साध्वी प्रज्ञा का क्या जवाब आता है।