चैतन्य भारत न्यूज
लखनऊ. योगी सरकार में परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश बीजेपी का नया अध्यक्ष बनाया है। सोमवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद अध्यक्ष पद के लिए स्वतंत्र देव के नाम पर मुहर लगी। स्वतंत्र देव डॉ. महेंद्रनाथ पांडेय की जगह लेंगे।
एक व्यक्ति-एक पद
बता दें कि केंद्र सरकार में मंत्री बनने के बाद मौजूदा महेंद्रनाथ पांडेय ने प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। दरअसल, बीजेपी की ‘एक व्यक्ति-एक पद’ की नीति के तहत महेंद्रनाथ ने केंद्रीय मंत्री बनने के बाद प्रदेश अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया था। क्योंकि वह दोनों पद पर एक साथ नहीं रह सकते थे। इसलिए अब राज्य में नए अध्यक्ष पद के लिए नियुक्ति की गई।
आरएसएस से जुड़कर शुरू की राजनीति
बिना किसी राजनीतिक पृष्ठभूमि वाले स्वतंत्र देव सिंह उनके परिवार के पहले ऐसे वयक्ति हैं जो पहले आरएसएस से जुड़े और फिर राजनीति में सक्रिय होकर इस मुकाम तक पहुंच गए। बता दें कि स्वतंत्र देव को राजनीति का काफी अनुभवी है। लोकसभा चुनाव के दौरान वह मध्य प्रदेश के इंचार्ज थे। उनकी देखरेख में ही चुनाव के दौरान प्रदेश में बीजेपी ने अच्छा प्रदर्शन किया और नतीजा यहां बीजेपी ने 29 में से 28 सीटें जीती। बता दें स्वतंत्र देव सिंह उप्र विधान परिषद के सदस्य हैं। साल 2017 सितंबर में उन्हें विधान परिषद के तौर पर चुना गया था।