चैतन्य भारत न्यूज
नौतपे के दौरान मध्यप्रदेश में भीषण गर्मी का दौर जारी है। प्रदेश में पारा 46 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। इस जानलेना गर्मी का अंदाजा इसी के जरिए लगाया जा सकता है कि जबलपुर में पिछले 120 सालों का रिकॉर्ड तोड़ते हुए शुक्रवार को पारा 46.8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। मौसम विभाग के मुताबिक, साल 1990 के बाद अब जाकर पहली बार जबलपुर में इतना अधिक तापमान हुआ है।
कहां कितना था तापमान
राजधानी भोपाल की बात करें तो यहां शुक्रवार को सबसे अधिक तापमान 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। भोपाल में शुक्रवार का दिन साल का सबसे गर्म दिन था। अन्य जगहों की बात करें तो शुक्रवार को रीवा में अधितकम तापमान 47 डिग्री रहा। खजुराहो, दमोह, नौगांव, सीधी और सतना में अधिकतम तापमान 46 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा ग्वालियर, सागर, उमरिया, रायसेन, होशंगाबाद, खरगोन और राजगढ़ में अधिकतम तापमान 45 डिग्री रहा।
मौसम विभाग की चेतावनी
आने वाले दिन मध्यप्रदेश के लोगों के लिए और ज्यादा परेशानी भरे हो सकते हैं। मौसम विभाग ने दमोह, खरगोन, छतरपुर और सागर में तीव्र लू चलने की संभावना जताई है। इसके अलावा ग्वालियर, चंबल, होशंगाबाद, उज्जैन, रीवा, शहडोल, भोपाल, जबलपुर और इंदौर में भी लू चलने की संभावना जताई गई है।
मानसून के कम रहने का अनुमान
मौसम विभाग के मुताबिक, इस बार केरल में मानसून पांच दिन देरी से आएगा। मौसम विभाग ने 6 जून तक मानसून पहुंचने का अनुमान लगाया है। उन्होंने ये भी बताया कि, इस बार मानसून सामान्य रहेगा। लेकिन उत्तर और दक्षिण भारत में इसके सामान्य से कम रहने की संभावना जताई है। जुलाई महीने में मानसून के सामान्य से नीचे रहने की संभावना है। वहीं अगस्त में यह सामान्य रहेगा।