चैतन्य भारत न्यूज
ताइवान से हैरान कर देने वाला वीडियो वायरल हुआ है। यहां काइट फेस्टिवल के दौरान एक तीन साल बच्ची पतंग के साथ ही हवा में उड़ गई। यह बच्ची करीब 18 सेकंड तक ही हवा में पतंग के साथ उड़ती रही। फिर बड़ी मुश्किल से उसे नीचे उतारा गया। अच्छी बात यह है कि बच्ची को कोई गंभीर चोट नहीं आई है।
खबरों के मुताबिक बच्ची ताइवान के तटीय शहर में रविवार को पतंग उत्सव में भाग लेने के लिए आई थी, जिसे नैनिलियाओ कहा जाता है। इस उत्सव के दौरान ही यह दुर्घटना हुई। बच्ची के पतंग के साथ उड़ने के वीडियो में उसे एक लंबे नारंगी पतंग को पकड़े हुए देखा जा सकता है और फिर पल भर में ही वह हवा में उठ जाती है। पतंग के तार में उलझी बच्ची को इस वीडियो में ‘उड़ता’ हुआ देखा जा सकता है।
Terrifying moment a child at a kite festival in Hsinchu, northern Taiwan gets tangled up in a kite and lifted fifty feet up into the air. pic.twitter.com/YAPL545yAn
— Mike Fagan (@MikeFaganTaiwan) August 30, 2020
हवा इतनी तेज थी कि बच्ची पतंग के साथ 100 फीट तक ऊपर हवा में रही। बच्ची के हवा में उड़ते ही चारों तरफ चीख-पुकार मच गई थी हर कोई यही सोच रहा था कि कैसे भी इस बच्ची की जान बच जाए। धीरे-धीरे पतंग की डोर को खींचा गया और बड़ी सावधानी के साथ बच्ची को सुरक्षित जमीन पर नीचे उतारा गया। हवा की स्पीड कम हुई और बच्ची जैसे ही नीचे आई उसे लोगों ने दौड़कर अपनी गोद में पकड़ लिया।
इस घटना के बाद ह्सिन्चू शहर के मेयर लिन चिह-चिएन ने एक सार्वजनिक माफी जारी की और कहा कि इस तरह की सभी गतिविधियों को रोक दिया गया है। साथ ही नगर निगम के अधिकारियों की मदद से बच्ची को अस्पताल पहुंचाया गया। उसे कोई बड़ी चोट नहीं आई है, लेकिन उसकी गर्दन पर कुछ खरोंचें लगी हैं। मेयर ने इस घटना की समीक्षा करने का वादा करते हुए कहा है कि ऐसी दुर्घटनाओं को फिर से होने से रोका जाएगा।