चैतन्य भारत न्यूज
पेईचिंग. आपने सबसे अमीर शहरों के नाम तो सुने होंगे लेकिन दुनिया में सबसे अमीर गांव के बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। आज हम आपको बताने जा रहे हैं एक ऐसे गांव के बारे में जहां लोग महंगी गाड़ी की जगह हेलीकाॅप्टर से आना जाना करते हैं और उनके पास करोड़ों नहीं बल्कि अरबों की संपति है।
यह गांव चीन के जियांगसू प्रांत में स्थित है जिसका नाम वाक्शी है। दुनिया भर में इस गांव को ‘सुपर विलेज’ के नाम से जाना जाता है। इस गांव में करीब दो हजार लोगों की आबादी है। लोगों का कहना है कि यहां हर व्यक्ति के खाते में एक मिलियन युआन (एक करोड़ से ज्यादा) जमा है।
इसके अलावा हर परिवार को गांव में बसने पर अथॉरिटी की तरफ से कार और विला दिया गया है। लेकिन यदि आप गांव छोड़ते हैं तो ये सभी चीजें आपको वापस करनी होंगी। यहां पर लोग शान से अपना जीवनयापन करते हैं।
सुपर विलेज कहलाने वाले इस गांव में एक 72 मंजिला इमारत बनी हुई हैं जिसे देखने दूर-दूर से लोग आते हैं। इस गांव के घर इतने आलीशान हैं कि बाहर से ये किसी होटल जैसे मालूम पड़ते हैं। वहीं गांव में टैक्सी और थीम पार्क भी मौजूद हैं। यहां की सड़कें भी चमचमाती हैं।
कहा जाता है कि, साल 1960 में बसे इस गांव की हालत बहुत खराब थी। उस समय गांव को फर्श से अर्श तक पहुंचाने में वू रेनबाओ नामक व्यक्ति का नाम सामने आता है। इन्होंने कम्युनिस्ट पार्टी के लोकल सेक्रेटरी के पद पर काम करते हुए गांव का समृद्धि प्लान तैयार किया।
उन्होंने लोगों को रोजगार देने के लिए फर्टिलाइजर स्प्रे कैन फैक्ट्री का निर्माण करवाया और बेरोजगारों को काम देकर आर्थिक मदद की और मुनाफे को गांव की सुख-सुविधा पर खर्च किया। यहां रहने वाली 50 साल से अधिक उम्र की महिलाओं और 55 साल से अधिक के पुरुषों को पेंशन दी जाती है।