चैतन्य भारत न्यूज
फिल्म- द स्काई इज पिंक
स्टारकास्ट- प्रियंका चोपड़ा, फरहान अख्तर, जायरा वसीम, रोहित सुरेश सराफ
निर्देशक- शोनाली बोस
मूवी टाइप- ड्रामा, फैमिली, रोमांस
अवधि- 2 घंटा 29 मिनट
कहानी
अदिति (प्रियंका चोपड़ा) और नरेन (फरहान अख्तर) की प्रेम कहानी से फिल्म शुरु होती है। बिना आयशा (जायरा वसीम) और ईशान (रोहित सराफ) की उनकी जिंदगी कैसी थी और बच्चों के बाद उनके जीवन में क्या बदलाव आता है, यह बखूबी दिखाया गया है। पूरी फिल्म 25 सालों के सफर में सिमटी है। अदिति और निरेन की तीसरी संतान के रूप में जन्मीं आयशा जन्म से ही एससीआईडी नामक रेयर इम्यून डेफिशिएंसी सिंड्रोम से ग्रस्त रहती है, जिसमें छोटा से छोटा इंफेक्शन भी प्राणघातक साबित होता है, इसलिए मरीज बमुश्किल साल भर बच पाता है। आयशा के पैदा होने के बाद से ही उसे दिल्ली के हर डॉक्टर को दिखा चुके रहते हैं लेकिन आगे जाकर उन्हें लंदन में आयशा का इलाज करवाना पड़ता है।
अदिति और निरेन के पास पैसे नहीं है और उनकी बच्ची की जिंदगी खतरे में है। अदिति का बड़ा भाई ईशान (रोहित सराफ) बचपन से सोच रहा है कि उसे अपनी बहन को बचाना है। वहीं नीरेन और अदिती के इतने संघर्ष के बाद क्या वो अपनी बेटी आयशा की जान बचा पाएंगे या नहीं…. इसके लिए आपको सिनेमाघर तक जाना पड़ेगा। वैसे, अदिति, निरेन और आयशा की इस कहानी में भले ही दुखों का पहाड़ हो, लेकिन राइटर-डायरेक्टर शोनाली बोस ने अपने फ्रेश ट्रीटमेंट से इसे महज एक दुख भरी दास्तान नहीं बनने दिया है और दर्शकों के लिए हंसने-मुस्कुराने के भी भरपूर पल जुटाए हैं।
कलाकारों का अभिनय
अदिति और नरेन चौधरी के किरदारों में प्रियंका चोपड़ा और फरहान अख्तर ने पूरी ईमानदारी दिखाई है। बतौर माता- पिता दोनों के किरदारों को निर्देशक ने कई परतों में दिखाया है। आपको कुछ सीन्स में फरहान जबरदस्त लगते हैं तो कुछ में प्रियंका। वहीं दंगल एक्ट्रेस जायरा वसीम के लिए ये एक बिल्कुल अलग रोल था, जिसे उन्होंने काफी बढ़िया ढंग से निभाया है। उनका मजाकिया अंदाज, एक बीमार लड़की के रोल में उनका काम काफी अच्छा है। वहीं निर्देशक शोनाली बोस की जितनी तारीफ की जाए कम है। फिल्म में बहुत से साइलेंट मोमेंट्स हैं, जो सबसे ज्यादा दमदार हैं। फिल्म का म्यूजिक बहुत अच्छा है।