चैतन्य भारत न्यूज
बॉलीवुड अभिनेता अजय देवगन, सैफ अली खान और काजोल स्टारर पीरियड ड्रामा फिल्म ‘तानाजी: द अनसंग वॉरियर’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। यह फिल्म अजय के कॅरियर की 100वीं फिल्म है।
अभिनेता ने अपने ट्वीटर अकाउंट से फिल्म का ट्रेलर को शेयर किया है। सोशल मीडिया पर ‘तानाजी’ के ट्रेलर को खूब पसंद किया जा रहा है। फिल्म का ट्रेलर काफी दमदार नजर आ रहा है और साथ ही जबरदस्त डायलॉग के साथ अजय का नया अवतार भी देखते ही बन रहा है। अजय की यह फिल्म अगले साल 10 जनवरी को सिनेमाघरो में दस्तक देने वाली है।
फिल्म का निर्देशन ओम राउत ने किया है। फिल्म में सैफ अली ‘उदय भान’ और शरद केलकर ‘छत्रपति शिवाजी महाराज’ के रोल में दिखेंगे। तानाजी में काजोल का गेस्ट अपीयरेंस है। वे तानाजी की पत्नी सावित्री बाई मालुसरे का रोल निभा रही हैं।इस फिल्म के जरिए लंबे अरसे बाद काजोल-अजय को फैंस सिल्वर स्क्रीन पर साथ देखेंगे। यह फिल्म भारतीय इतिहास के विस्मृत योद्धा, छत्रपति शिवाजी महाराज की सेना के अगुवा तानाजी मालुसरे की जिंदगी पर आधारित है।
कौन थे तानाजी
बता दें तानाजी मालुसरे वीर मराठा योद्धा थे। वे मराठा साम्राज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज की सेना में सैन्य नेता थे। तानाजी ने छत्रपति शिवाजी महाराज के साथ कई युद्ध लड़े थे। तानाजी को उनके वीर और बहादुर इरादों से लिए जाना गया। तानाजी को 1670 में हुए सिन्हागढ़ युद्ध में उनके योगदान के लिए भी याद किया जाता है।